रायपुर, 31 जुलाई 2026

राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने धमतरी कलेक्टोरेट में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, स्वामित्व कार्ड और भूमि डायवर्सन जैसे जनहित के मामलों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए।

मंत्री ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने 5 हितग्राहियों को स्वामित्व कार्ड और 5 हितग्राहियों को जाति प्रमाण पत्र भी वितरित किए।

मानसून और संभावित बाढ़ आपदा को देखते हुए मंत्री ने आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की 24 घंटे निगरानी, राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में जन-धन की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।

बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग को नए शैक्षणिक सत्र में पाठ्यपुस्तकों, गणवेश और साइकिल का समय पर वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं कृषि विभाग को किसानों के लिए खाद और बीज की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा स्वास्थ्य विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और आयुष्मान भारत योजना का अधिकतम लाभ आम जनता तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

समीक्षा के दौरान कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि जिले में 200 बिस्तरीय मातृ-शिशु अस्पताल, नेत्र एवं ट्रॉमा सेंटर, कुरूद में 100 बिस्तरीय अस्पताल और नर्सिंग कॉलेज सहित कई विकास परियोजनाओं पर कार्य जारी है। साथ ही सड़क, ऑडिटोरियम, इनडोर स्टेडियम, नालंदा परिसर, रेलवे, औद्योगिक पार्क और पर्यटन विकास से जुड़े कार्यों को अगले दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक अधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। बैठक में पुलिस अधीक्षक, वनमंडलाधिकारी, जिला पंचायत सीईओ सहित जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts