एंटरटेनमेंट डेस्क,2 सितंबर 2026

मुंबई। अभिनेत्री स्वरा भास्कर एक बार फिर फिल्म ‘पद्मावत’ के जौहर सीन को लेकर दिए गए बयान के बाद विवादों में घिर गई हैं। उनके बयान पर करणी सेना ने कड़ी आपत्ति जताई है। संगठन की महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष कीर्ति राठौड़ ने स्वरा भास्कर को अपनी भाषा सुधारने की नसीहत दी है।

दरअसल, स्वरा भास्कर ने फिल्म ‘पद्मावत’ में दिखाए गए जौहर के दृश्य को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने इस तरह के दृश्य का यौन हिंसा से गुजर चुकी महिलाओं पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को लेकर अपनी चिंता जाहिर की।

स्वरा के इस बयान के सामने आने के बाद राजपूत समाज और करणी सेना से जुड़े लोगों ने नाराजगी जताई। संगठन का कहना है कि राजपूत वीरांगनाओं के बलिदान और शौर्य पर आपत्तिजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी।

कीर्ति राठौड़ ने दी भाषा सुधारने की नसीहत

करणी सेना महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष कीर्ति राठौड़ ने कहा कि स्वरा भास्कर को पहले अपनी भाषा सुधारनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सनातन और वीरांगनाओं के बलिदान एवं शौर्य पर सवाल उठाने या आपत्तिजनक टिप्पणी करने का अधिकार किसी को नहीं है।

उन्होंने कहा कि राजपूताना का इतिहास वीरांगनाओं के त्याग और साहस की गवाही देता है। जौहर को समझने के लिए उस दौर के इतिहास और परिस्थितियों को समझना जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी प्रथा पर सवाल उठाना है तो इतिहास और तथ्यों के आधार पर उठाया जाना चाहिए।

सार्वजनिक माफी की मांग

करणी सेना के मुंबई अध्यक्ष सुरजीत सिंह राठौड़ ने भी स्वरा भास्कर के बयान पर नाराजगी जताई और सार्वजनिक माफी की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि अभिनेत्री के बयान से राजस्थान की क्षत्राणियों और राजपूत समाज का अपमान हुआ है।

रिपोर्ट के मुताबिक, सुरजीत सिंह राठौड़ ने स्वरा भास्कर के खिलाफ धमकी भरा बयान भी दिया। उन्होंने कहा कि संगठन उनके बयान को लेकर विरोध जारी रखेगा।

इस पूरे विवाद के बीच स्वरा भास्कर की टिप्पणी और करणी सेना की प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts