रायपुर, 11 सितंबर 2026

पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने और मातृ सम्मान का संदेश देने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत सक्ती जिले में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कदम का पौधा, जबकि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बादाम का पौधा रोपित किया। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी हरियाली के विस्तार एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

मातृ सम्मान से जुड़ा है पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान मातृ सम्मान की भावना को प्रकृति संरक्षण के संकल्प से जोड़ता है। अभियान के माध्यम से नागरिकों को अपनी माँ के सम्मान में पौधा लगाने और उसके संरक्षण एवं संवर्धन की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

पौधरोपण के साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित न रखते हुए इसे व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देना है।

जनभागीदारी से बढ़ेगी हरियाली

अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता के माध्यम से हरियाली बढ़ाने, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण तैयार करने का संदेश दिया जा रहा है।

देशभर में चल रहे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के जरिए नागरिकों को पौधरोपण से जोड़कर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में सक्ती के जेठा में केंद्रीय मंत्री श्री चौहान और मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा किया गया पौधरोपण प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देता है।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, जांजगीर-चांपा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, बिलासपुर संभागायुक्त श्री सुनील जैन, विकसित भारत जीरामजी के आयुक्त श्री तारण प्रकाश सिन्हा, कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन, पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts