सूरजपुर, 16 जून 2026

जिला चिकित्सालय परिसर स्थित मातृत्व-शिशु अस्पताल में प्रसव के दौरान एक दर्दनाक घटना सामने आई है। डिलीवरी के लिए भर्ती एक प्रसूता और उसके गर्भ में पल रहे शिशु की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है और उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार महिला को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यह उसका पहला प्रसव था। परिजनों का आरोप है कि प्रसव से पहले महिला को इंजेक्शन लगाया गया, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। कुछ ही देर में महिला की मौत हो गई और गर्भ में पल रहे शिशु को भी नहीं बचाया जा सका।

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

वहीं अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों का कहना है कि इंजेक्शन लगाने के दौरान महिला को उल्टी हुई, जो श्वास नली में फंस गई। इससे उसे सांस लेने में गंभीर परेशानी हुई और स्थिति तेजी से बिगड़ने के कारण उसकी मौत हो गई।

फिलहाल अस्पताल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts