खैरागढ़, 2o जून 2026
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में आवारा कुत्तों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। सनसिटी कॉलोनी में चार आवारा कुत्तों के झुंड ने 5 साल के मासूम बच्चे पर हमला कर दिया। इस हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का वीडियो CCTV कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चा कॉलोनी में खेल रहा था, तभी अचानक चार कुत्तों ने उसे घेर लिया। मासूम जान बचाने के लिए भागने लगा, लेकिन कुत्तों ने उसका पीछा कर उसे जमीन पर गिरा दिया और नोचना शुरू कर दिया। हमले में बच्चे के पैर, जांघ और पीठ पर गहरे घाव आए हैं।
बताया जा रहा है कि बच्चे का अस्पताल में उपचार जारी है और वह मानसिक रूप से भी सदमे में है। मौके पर मौजूद एक युवक ने साहस दिखाते हुए बीच-बचाव किया, जिसके बाद बच्चे की जान बच सकी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मदद नहीं मिलती, तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।
घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल है। अभिभावक बच्चों को अकेले बाहर भेजने से डर रहे हैं। रहवासियों ने आरोप लगाया है कि इलाके में लंबे समय से आवारा कुत्तों की समस्या बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार एजेंसियों ने अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम और प्रशासन से विशेष अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
गौरतलब है कि जिले में हाल के दिनों में डॉग बाइट की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इससे पहले डोंगरगढ़ क्षेत्र में भी एक उग्र कुत्ते के हमले में दो नाबालिग बच्चे घायल हुए थे। लगातार बढ़ती घटनाओं ने लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।


