मनेंद्रगढ़, 20 जून 2026

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में हुए चर्चित तिहरे हत्याकांड में शनिवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह को जिंदा जलाकर हत्या करने के मामले में मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी समेत 4 आरोपियों ने मनेंद्रगढ़ थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। इसके साथ ही इस मामले में अब तक कुल 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है।

जानकारी के अनुसार, 16 जून की देर रात नौगईं गांव में रेत तस्करी और अवैध वसूली के विवाद को लेकर आरोपियों ने एक फॉर्च्यूनर वाहन को घेरकर उस पर पेट्रोल छिड़क दिया और आग लगा दी। इस भयावह घटना में भाजपा नेता एवं पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं उनके चचेरे भाई नागेंद्र सिंह और एक अन्य घायल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था।

घटना के बाद पुलिस ने 9 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। पहले चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद फरार चल रहे मनोज त्रिपाठी, निशांत त्रिपाठी, अमन और आशुतोष त्रिपाठी ने शनिवार को थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।

मनेंद्रगढ़ एसपी रत्ना सिंह ने बताया कि पुलिस की लगातार दबिश और छापेमारी के चलते आरोपियों पर दबाव बना, जिसके बाद उन्होंने आत्मसमर्पण किया। मामले की विस्तृत जांच कोरिया पुलिस द्वारा की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से अवैध रेत खनन और वसूली को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश ने हिंसक रूप लेते हुए तिहरे हत्याकांड जैसी सनसनीखेज वारदात को जन्म दिया।

इधर, घटना के विरोध में करणी सेना ने आंदोलन की चेतावनी दी है। वहीं पीड़ित परिवार ने मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts