रायपुर, 29 अक्टूबर 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनजातीय समाज के महान जननायक, प्रख्यात अभियंता एवं पूर्व सांसद बाबा कार्तिक उरांव की जन्मशताब्दी के अवसर पर उनकी भव्य आदमकद प्रतिमा का वर्चुअल माध्यम से अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अंबिकापुर के शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, डिगमा का नाम बदलकर ‘अभियंता बाबा कार्तिक उरांव छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, अंबिकापुर’ करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री निवास, रायपुर से आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए श्री साय ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव का जीवन शिक्षा, संघर्ष, सामाजिक चेतना और जनजातीय समाज के स्वाभिमान की प्रेरक गाथा है। उनके विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने तथा समाज और राष्ट्र की सेवा करने की प्रेरणा देते रहेंगे।

इंजीनियरिंग कॉलेज का नाम बाबा कार्तिक उरांव के नाम पर होगा

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव एक उच्च शिक्षित अभियंता, दूरदर्शी विचारक और जनजातीय समाज के अधिकारों के सजग प्रहरी थे। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम माना और जनजातीय समाज को संगठित करने, जागरूकता बढ़ाने तथा सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण के लिए अपना जीवन समर्पित किया।

जनजातीय समाज और क्षेत्रीय सांसद की मांग पर राज्य सरकार ने शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय, डिगमा, अंबिकापुर का नाम उनके नाम पर रखने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह संस्थान तकनीकी शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनने के साथ विद्यार्थियों को बाबा कार्तिक उरांव के संघर्ष, उपलब्धियों और समाज के प्रति समर्पण से प्रेरणा देगा।

संसद में जनजातीय समाज के अधिकारों की उठाई आवाज

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव ने लोकसभा सांसद के रूप में जनजातीय समाज की समस्याओं, संवैधानिक अधिकारों और सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावशाली ढंग से उठाया। उन्होंने समाज को अपनी परंपराओं और मूल पहचान के प्रति जागरूक रहने के साथ आधुनिक शिक्षा, तकनीक और विकास के अवसरों से जुड़ने का संदेश दिया।

श्री साय ने कहा कि जनजातीय महापुरुषों की गौरवशाली विरासत को सहेजना और उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। महापुरुषों की प्रतिमाएं केवल स्मृति का प्रतीक नहीं, बल्कि उनके विचारों और योगदान को याद करने की प्रेरणा भी देती हैं।

सीतापुर को 28 करोड़ रुपये से अधिक की फोरलेन सड़क की सौगात

मुख्यमंत्री ने सरगुजा अंचल के सीतापुर क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को गति देते हुए सोनतराई से सूर तक 3.82 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इस परियोजना पर 28 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क निर्माण से सीतापुर नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम एवं सुरक्षित होगा। इससे व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, शासकीय कार्यालयों तथा स्थानीय बाजारों तक पहुंच आसान होगी।

उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क क्षेत्रीय विकास का महत्वपूर्ण आधार है। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि आधुनिक अधोसंरचना का लाभ बड़े शहरों के साथ छोटे नगरों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी मिले।

पुलिस आवासीय भवनों का किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री श्री साय ने छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन द्वारा निर्मित महिला एनजीओ मेस भवन सहित विभिन्न पुलिस आवासीय भवनों का लोकार्पण किया।

इनमें उदयपुर में 12 अराजपत्रित अधिकारी आवास, 12 प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक आवास तथा थाना सीतापुर में 12 प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक आवासीय भवन शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस अधिकारी और जवान कठिन परिस्थितियों में भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए समर्पण के साथ काम करते हैं। उन्हें बेहतर आवासीय सुविधाएं और कार्य वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। इन भवनों से पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को सुविधाजनक आवासीय वातावरण मिलेगा।

नक्सलवाद के विरुद्ध सफलता से बस्तर में विकास की नई उम्मीद

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता से बस्तर में शांति, विश्वास और विकास के नए युग की शुरुआत हो रही है। लंबे समय तक नक्सली हिंसा के कारण दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार चुनौतीपूर्ण रहा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के संकल्प तथा सुरक्षाबलों के साहस से नक्सलवाद के विरुद्ध बड़ी सफलता मिली है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से अब दूरस्थ गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के अवसर बढ़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बस्तर के प्रत्येक गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना और जनजातीय समुदाय को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

विकसित भारत के निर्माण में छत्तीसगढ़ की होगी महत्वपूर्ण भूमिका

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, खनिज संपदा, वन क्षेत्र और कृषि संभावनाओं से समृद्ध राज्य है। प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत यहां के मेहनती, प्रतिभाशाली और परिश्रमी नागरिक हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को पूरा करने में छत्तीसगढ़ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। राज्य सरकार कृषि, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना, तकनीक, रोजगार और जनजातीय विकास के क्षेत्रों में निरंतर काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को अवसर देना, महिलाओं का सशक्तीकरण, किसानों की समृद्धि और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। जनभागीदारी और प्रदेशवासियों के सहयोग से छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने बाबा कार्तिक उरांव के योगदान को किया याद

कार्यक्रम में जनजातीय विकास मंत्री रामविचार नेताम ने बाबा कार्तिक उरांव को जनजातीय समाज का महान जननायक और दूरदर्शी विचारक बताते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण के लिए ऐतिहासिक कार्य किए।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि बाबा कार्तिक उरांव ने जनजातीय समाज के उत्थान और अधिकारों की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने उनके शैक्षणिक योगदान, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक चेतना के प्रयासों को प्रेरणादायक बताया।

सांसद चिंतामणि महाराज ने बाबा कार्तिक उरांव की प्रतिमा के अनावरण, इंजीनियरिंग महाविद्यालय के नामकरण की घोषणा और सीतापुर को विकास कार्यों की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, विधायक रामकुमार टोप्पो, अंबिकापुर नगर निगम की महापौर मंजूषा भगत, अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह, संरक्षक गणेश राम भगत, समिति के अध्यक्ष डॉ. आजाद भगत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts