रायपुर,13 अक्टूबर 2026

भाजपा सांसद और फिल्म अभिनेता रवि किशन मंगलवार सुबह छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे। रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कांग्रेस के दिल्ली प्रदर्शन को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। रवि किशन ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनाव में हरा नहीं पाने के कारण कांग्रेस अब लोगों को परेशान करने और मारपीट पर उतारू हो गई है।

कांग्रेस पर देश को पीछे ले जाने का आरोप

रवि किशन ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी ने 65 साल तक देश का शोषण किया और अब वह भारत को फिर से पीछे ले जाना चाहती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का वैश्विक सम्मान बढ़ा है और देश लगातार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।

संसद की कार्यवाही बाधित करने का लगाया आरोप

भाजपा सांसद ने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही नहीं चलने देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विरोध-प्रदर्शनों के कारण आम लोगों को नौकरी और अन्य जरूरी कामों के लिए आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रवि किशन ने कहा कि सड़क जाम करना आंदोलन का उचित तरीका नहीं है।

EVM और वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस से पूछे सवाल

चुनाव में EVM और वोट चोरी को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर भी रवि किशन ने सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है, तब वह EVM और वोट चोरी का मुद्दा क्यों नहीं उठाती? उन्होंने कांग्रेस को विकास के मुद्दों पर राजनीति करने और देश के भविष्य को लेकर अपना रोडमैप स्पष्ट करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसे भारत की कल्पना करती है, जहां दंगे न हों, विकास हो और जनता की आवाज सुनी जाए। उनके मुताबिक, देश में सकारात्मक राजनीति और विकास के मुद्दों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

बिलासपुर के गरबा महोत्सव में शामिल होंगे रवि किशन

बता दें कि रवि किशन छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में आयोजित गरबा महोत्सव में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होने पहुंचे हैं। रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के बाद वह बिलासपुर के लिए रवाना होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts