रायपुर,31 जुलाई 2026
राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में एक युवती ने एक युवक पर नाम बदलकर दोस्ती और शादी करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की बात कही है।
शिकायत के अनुसार, युवती का आरोप है कि करीब 6 वर्ष पहले आरोपी ने अपना नाम सोनू बताकर उससे दोस्ती की और बाद में शादी की। युवती का कहना है कि शादी के बाद वह आरोपी के परिवार के साथ रही और इस दौरान उसने एक बेटे को जन्म दिया।
पीड़िता का आरोप है कि बाद में उसे युवक की वास्तविक पहचान का पता चला। इसी बीच आरोपी एक अन्य मामले में जेल चला गया। युवती का कहना है कि जेल से लौटने के बाद आरोपी ने बच्चे को अपने पास रखा और उसे वापस नहीं सौंपा, जिसके बाद उसने पंडरी थाने में शिकायत दर्ज कराई।
वहीं, आरोपी के परिजनों का दावा है कि उन्होंने युवती को परिवार में स्वीकार किया था और युवक के जेल जाने के बाद युवती ने स्वेच्छा से अपना नाम बदलवाया।
मामले की जानकारी मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता भी पंडरी थाना पहुंचे और युवती की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
पंडरी थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



