रायपुर,31 अगस्त 2026
राजधानी रायपुर में रविवार देर रात सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अश्वनी नगर स्थित गौसिया मस्जिद के पास दो हमलावरों ने एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 11 बजे की है। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर युवक और आरोपियों के बीच विवाद हुआ था। विवाद के दौरान युवक ने एक्टिवा से भागने का प्रयास किया, लेकिन स्कूटी नाली में फंस गई और वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद पीछा कर रहे हमलावरों ने उस पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
मृतक की पहचान डंगनिया निवासी 22 वर्षीय अहमद खान के रूप में हुई है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने 4 नाबालिगों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को एम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के आला अधिकारियों और क्राइम ब्रांच की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी वारदात के बाद ट्रेन से फरार होने की कोशिश कर रहे हैं।
आरपीएफ के समन्वय से पुलिस ने तीन नाबालिगों को बिलासपुर और एक नाबालिग को रायपुर से हिरासत में लिया है। फिलहाल सभी से पूछताछ की जा रही है।
आपसी रंजिश बनी हत्या की वजह
प्रारंभिक पूछताछ में हत्या के पीछे आपसी रंजिश की बात सामने आई है। जांच में यह भी पता चला है कि हत्या में शामिल एक नाबालिग कुछ दिन पहले ही लूट के मामले में बाल संप्रेक्षण गृह से बाहर आया था।
फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए नाबालिगों से पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।



