रायपुर, 18 सितंबर 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर को राजधानी रायपुर लाखों दीपों की रोशनी से जगमगा उठी। प्रदेशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के शुभारंभ के मौके पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी देखने को मिली। रायपुरवासियों ने 25 लाख से अधिक आशीर्वाद के दीये जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं। जनभागीदारी के इस आयोजन को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वयं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, सुदीर्घ एवं यशस्वी जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर रुककर नागरिकों के साथ दीप जलाए और उनका उत्साह बढ़ाया।

मुख्यमंत्री साय ने घड़ी चौक स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर, शारदा चौक स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भगत सिंह चौक स्थित अमर शहीद भगत सिंह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनका स्मरण किया।

CM साय बोले- राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पण प्रेरणास्रोत

मरीन ड्राइव में आयोजित मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को छत्तीसगढ़वासियों की ओर से जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रसेवा को संकल्प और जनसेवा को ध्येय मानकर प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की प्रतिष्ठा को विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उनका समर्पण, दृढ़ संकल्प और राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर किया जा रहा प्रयास सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहे हैं। इस दौरान गरीबों के पक्के आवास, स्वच्छ पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, स्वच्छता, वित्तीय समावेशन और बुनियादी अधोसंरचना सहित विभिन्न क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से व्यापक बदलाव हुए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूलमंत्र के साथ देश की सेवा कर रहे हैं। गरीब, किसान, युवा, महिलाएं, श्रमिक, वंचित और जनजातीय समाज सहित सभी वर्गों के कल्याण को उनकी नीतियों के केंद्र में रखा गया है।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल दीप प्रज्वलन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा और जनभागीदारी के संकल्प से जुड़ने का अवसर है। इसी भावना के साथ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

‘प्रोजेक्ट अक्षरा’ का भी शुभारंभ

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने रायपुर जिला प्रशासन की ‘प्रोजेक्ट अक्षरा’ पहल का शुभारंभ किया। इसके तहत बच्चों और युवाओं को स्क्रीन टाइम कम करने और पुस्तकों एवं अध्ययन की संस्कृति से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन पुस्तकों से जुड़ाव कल्पनाशक्ति, विचार क्षमता और व्यक्तित्व विकास को समृद्ध करता है। नई पीढ़ी में पढ़ने की आदत विकसित करने की दिशा में ‘प्रोजेक्ट अक्षरा’ को एक पहल के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा।

कार्यक्रम में संजय श्रीवास्तव, अमरजीत छाबड़ा, डॉ. सलीम राज, नवीन अग्रवाल और डॉ. ममता साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts