रायगढ़, 24 जून 2026

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले स्थित पूंजीपथरा के रायगढ़ इस्पात संयंत्र में बुधवार दोपहर फर्नेस से जुड़ी घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। घटना में चार मजदूर घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अपेक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जानकारी में फर्नेस ब्लास्ट की बात सामने आई थी। बताया जा रहा है कि फर्नेस में अधिक नमी (मॉइश्चर) जमा होने के कारण यह स्थिति बनी। घटना के बाद संयंत्र परिसर में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घायलों में अमरेश कुमार, फिरोज आलम खान और रामनाथ सूर्यवंशी शामिल हैं, जबकि एक अन्य घायल की पहचान नहीं हो सकी है। सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। इनमें से दो मजदूरों को बेहतर उपचार के लिए रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

वहीं, रायगढ़ इस्पात के जीएम सुनील पांडा ने ब्लास्ट की खबरों से इनकार किया है। उनके अनुसार बरसात के मौसम में फर्नेस में इस्तेमाल होने वाले रॉ मैटेरियल में नमी आ जाती है। फर्नेस के गर्म होने पर गैस का निर्माण हुआ, जिससे धुआं तेजी से फैला और मजदूरों में घबराहट फैल गई।

जीएम के मुताबिक, अफरा-तफरी के दौरान ऊंचाई पर काम कर रहे कुछ मजदूरों ने घबराकर इधर-उधर छलांग लगा दी, जिससे उन्हें चोटें आईं। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना किसी विस्फोट के कारण नहीं बल्कि अचानक बने हालात और घबराहट की वजह से हुई।

घटना के बाद उद्योग प्रबंधन के अधिकारी अस्पताल में मौजूद हैं और घायलों के स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं पुलिस और औद्योगिक स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts