रायपुर, 13 अगस्त 2026
लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बुधवार को रायपुर परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी संभागों में निर्माणाधीन सड़कों और भवनों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। नवा रायपुर स्थित पीडब्ल्यूडी मुख्यालय ‘निर्माण भवन’ में आयोजित बैठक में उन्होंने स्वीकृत, निर्माणाधीन और प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त कार्यों की निविदा प्रक्रिया की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मार्च 2027 तक पूरे करने होंगे प्रगतिरत कार्य
सचिव ने निर्देश दिए कि वर्ष 2024-25 तक के सभी प्रगतिरत कार्यों को 31 मार्च 2027 तक पूर्ण किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा। साथ ही ठेकेदारों द्वारा किए गए कार्यों का मूल्यांकन कर हर महीने भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मुख्य अभियंता और अधीक्षण अभियंता को हर महीने कार्यपालन अभियंताओं की बैठक लेकर निर्माण कार्यों की समीक्षा करने को कहा।
लापरवाही करने वाले ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट
पीडब्ल्यूडी सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों के प्राक्कलन तैयार करने से पहले फील्ड का दौरा कर साइट का निरीक्षण किया जाए। उन्होंने ठेकेदारों के साथ नियमित संपर्क और समन्वय बनाए रखते हुए निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार कार्य पूरा कराने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि समय पर काम नहीं करने, लापरवाही बरतने और गुणवत्ताहीन निर्माण करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट किया जाए और उन्हें आगामी निविदाओं के लिए अपात्र किया जाए।
रायपुर मंडल के कार्यक्षेत्रों का होगा पुनर्गठन
बैठक में सचिव ने रायपुर और नवा रायपुर में बेहतर मॉनिटरिंग और प्रशासनिक कसावट के लिए रायपुर मंडल क्रमांक-1 के चारों संभागों के कार्यक्षेत्रों का नए सिरे से विभाजन करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा एक ही टेबल पर तीन वर्षों से अधिक समय से कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों की सूची तैयार कर 30 सितंबर तक नई पदस्थापना करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अनुकंपा नियुक्ति और न्यायालयीन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई।
PWD-IMS में 31 अगस्त तक करनी होगी सभी कार्यों की एंट्री
सचिव ने PWD-IMS में विभाग के सभी कार्यों की एंट्री 31 अगस्त तक करने के निर्देश दिए। वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 के प्राथमिकता वाले नए कार्यों के प्राक्कलन भी 31 अगस्त तक जमा करने को कहा गया।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सेवा सेतु और लोक सेवा गारंटी से संबंधित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही अगले पांच वर्षों में सड़कों की आवश्यकता का आकलन कर जनसुविधा के अनुरूप प्रस्ताव तैयार करने को कहा।
बारिश में सड़कों की मरम्मत और गड्ढे भरने के निर्देश
सचिव ने निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद तत्काल अनुबंध और कार्यादेश जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यपूर्णता की समय-सीमा तय करने के लिए SOP तैयार करने को कहा। इसमें बारिश, पोल शिफ्टिंग, पाइपलाइन और अन्य यूटिलिटी शिफ्टिंग जैसी परिस्थितियों को भी ध्यान में रखने के निर्देश दिए गए।
निर्माण कार्य पूरा होने के बाद तीन महीने के भीतर फाइनल बिल तैयार करने और ठेकेदारों को समय पर भुगतान के लिए भी SOP बनाने को कहा गया।
वहीं, चालू मानसून सीजन को देखते हुए उन्होंने सड़कों की पेच रिपेयरिंग और गड्ढे भरने का काम तत्काल कराने के निर्देश दिए। परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़कों की मरम्मत भी ठेकेदारों को नोटिस देकर सुनिश्चित कराने को कहा।
बैठक में प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता पी.एम. कश्यप, टी.आर. कुंजाम, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ सड़क एवं अधोसंरचना विकास निगम के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय सहित रायपुर परिक्षेत्र के सभी 9 संभागों के कार्यपालन अभियंता और अनुविभागीय अधिकारी मौजूद रहे।



