रायपुर,10 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयनित प्रदेश के तीन नगरीय निकायों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु सम्मानित करेंगी। आगामी 11 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में तीनों शहरों को यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित यह समारोह सुबह 11:30 बजे शुरू होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी शामिल होंगे।

छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल सहित चयनित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्वच्छता कर्मी समारोह में भाग लेंगे।

सफाई मित्रों की मेहनत और नागरिकों की भागीदारी बनी उपलब्धि का आधार

स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में छत्तीसगढ़ के तीन शहरों का राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन किया गया है। इस वर्ष सर्वेक्षण की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल—बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई है। इस थीम के माध्यम से स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया है।

प्रदेश के चयनित शहरों में स्वच्छता गतिविधियों को सफलतापूर्वक संचालित करने में नगरीय निकायों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ सफाई मित्रों तथा आम नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। सफाई कर्मियों की मेहनत और नागरिकों के सहयोग ने इन शहरों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में अहम योगदान दिया है।

पिछले साल भी मिला था राष्ट्रीय सम्मान

खास बात यह है कि रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को पिछले वर्ष भी स्वच्छ सर्वेक्षण में पुरस्कार मिला था। लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान के लिए चयनित होना छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। राष्ट्रपति के हाथों सम्मान मिलने से प्रदेश में स्वच्छता अभियान से जुड़े जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सफाई मित्रों और नागरिकों का उत्साह बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts