जशपुर,10 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां शराब के नशे में एक बेटे ने अपनी ही मां की लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, मां को बचाने पहुंची बहन पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे रोशन मिंज उर्फ जिंदल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

खाना नहीं मिलने पर मां से हुआ विवाद

यह पूरा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गढ़ाटोली इलाके का है। मृतका की पहचान वेनेदिक्ता कुजूर के रूप में हुई है। आरोपी रोशन मिंज शासकीय नवीन महाविद्यालय मनोरा में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है और हॉस्टल में रहता है।

पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर की रात आरोपी अपने दोस्तों के साथ शराब पीने के बाद घर पहुंचा था। घर पहुंचते ही उसने मां से खाना मांगा। खाना नहीं मिलने की बात को लेकर मां-बेटे के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

अधजले लकड़ी के डंडे से मां पर किया हमला

विवाद के दौरान आरोपी गुस्से में आ गया और घर के चूल्हे के पास रखे अधजले लकड़ी के डंडे को उठाकर मां वेनेदिक्ता कुजूर पर हमला कर दिया। उसने महिला के हाथ, पैर और पीठ पर कई वार किए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

बीच-बचाव करने आई बहन को भी नहीं छोड़ा

मां पर हमला होते देखकर घर में सो रही आरोपी की बहन बीच-बचाव करने पहुंची। लेकिन आरोपी ने उस पर भी लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। इसके बाद वह अपने छोटे भाई के पास पहुंचा और खाना नहीं बचाने की बात को लेकर उसे भी धमकाया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होकर जुरगुम की ओर चला गया। घर में मौजूद बच्चों ने एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।

इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम

घटना के अगले दिन 8 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे मृतका के पति सुरेंद्र मिंज को एक परिचित के माध्यम से घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही वह जिला अस्पताल पहुंचे। पत्नी से पूछताछ के दौरान उन्हें पूरी घटना का पता चला। इसी बीच वह अपनी बेटी की दवाई लेने घर चले गए।

जब वह वापस अस्पताल पहुंचे, तब उन्हें जानकारी मिली कि उनकी पत्नी वेनेदिक्ता कुजूर की इलाज के दौरान मौत हो गई है। इसके बाद पति की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 9 नवंबर को आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने शराब पीकर घर आने और खाना नहीं मिलने की बात पर मां से विवाद होने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल अधजले लकड़ी के डंडे को गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया है। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। पोस्टमार्टम के बाद मृतका का शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

गंभीर अपराध करने वालों को नहीं बख्शा जाएगा: एसएसपी

जशपुर के एसएसपी लाल उमेद सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस ने अपराध दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts