जांजगीर-चांपा, 10 सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में 30 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। युवक को बुधवार को उसके घर से अवैध शराब रखने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। मौत की खबर सामने आने के बाद परिजनों ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाते हुए गुरुवार को थाने का घेराव किया।

मृतक की पहचान मेहंदीपारा निवासी शिव सहिस के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, चांपा थाने के एक ट्रेनी सब इंस्पेक्टर और दो आरक्षकों ने बुधवार दोपहर शिव को करीब 20 लीटर देशी शराब रखने के आरोप में पकड़ा था।

रात में बिगड़ी तबीयत

पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे हिरासत में शिव की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उसे तत्काल बीडीएम अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के बाद गुरुवार सुबह करीब 6 बजे उसे जांजगीर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस का दावा है कि शिव को मिर्गी का दौरा पड़ा था, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ी। हालांकि, दूसरी ओर परिजनों ने पुलिस पर हिरासत के दौरान मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है।

मौत के बाद थाने का घेराव

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग चांपा थाने पहुंच गए और थाने का घेराव किया। इस दौरान परिजन रोते-बिलखते नजर आए और पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

स्थिति को देखते हुए थाने में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह

पुलिस ने शव को जांजगीर जिला अस्पताल की मर्चुरी में पोस्टमॉर्टम के लिए रखा है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के मुताबिक, शिव के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज रहे हैं। इनमें शराब बिक्री और मारपीट से जुड़े मामले शामिल बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार यह उसका चौथा मामला था और बुधवार को उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए रिमांड की प्रक्रिया के तहत हिरासत में लिया गया था।

कॉन्स्टेबल निलंबित

मामले में एक स्थानीय कॉन्स्टेबल के खिलाफ शिकायत सामने आने के बाद एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने आरक्षक ईश्वरी राठौर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया है। पुलिस अधिकारी ने इसे लापरवाही और अनुशासनहीनता से जुड़ा मामला बताया है।

फिलहाल युवक की मौत को लेकर परिजनों के आरोप और पुलिस के दावे अलग-अलग हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts