रायपुर,7 नवम्बर 2026

छत्तीसगढ़ के बेरोजगार युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज की तीनों कंपनियों में कुल 1,501 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर निकाली गई इस भर्ती में द्वितीय श्रेणी के 195 तथा तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के कुल 1,306 पद शामिल हैं। भर्ती के लिए विस्तृत विज्ञापन जारी कर दिया गया है।

इस भर्ती के तहत छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन, ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों में अलग-अलग पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। कुल 38 पदों के लिए 1,501 रिक्तियां निर्धारित की गई हैं। इनमें सबसे अधिक पद कनिष्ठ अभियंता और डाटा एंट्री ऑपरेटर के हैं।

कनिष्ठ अभियंता के 167 और डाटा एंट्री ऑपरेटर के 609 पद

भर्ती में कनिष्ठ अभियंता (इलेक्ट्रिकल) के कुल 167 पद शामिल हैं। इनमें पावर जनरेशन कंपनी के 11, ट्रांसमिशन कंपनी के 32 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 124 पद निर्धारित किए गए हैं।

वहीं डाटा एंट्री ऑपरेटर के कुल 609 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें जनरेशन कंपनी के 95, ट्रांसमिशन कंपनी के 64 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 450 पद शामिल हैं।

6 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन शुरू, 26 नवंबर अंतिम तारीख

भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 नवंबर 2026 को शाम 8 बजे से शुरू हो चुकी है। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 26 नवंबर 2026 की रात 11:55 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम समय सीमा भी 26 नवंबर रात 11:55 बजे तक निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और UPI के माध्यम से शुल्क जमा कर सकेंगे।

तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए छत्तीसगढ़ के मूल निवासी पात्र

जारी भर्ती विज्ञापन के अनुसार, तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकेंगे। प्रत्येक पद के लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता शर्तों की विस्तृत जानकारी आधिकारिक भर्ती विज्ञापन में दी गई है।

आवेदन के दौरान भरनी होगी कंपनी की प्राथमिकता

तीनों पावर कंपनियों के साझा पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान कंपनियों की प्राथमिकता का क्रम भी बताना होगा। अंतिम चयन के बाद अभ्यर्थियों को उनकी मेरिट, आवेदन में दी गई प्राथमिकता और संबंधित कंपनी में उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर कंपनी आवंटित की जाएगी।

इस भर्ती से प्रदेश के युवाओं को बिजली विभाग की तीनों कंपनियों में सरकारी नौकरी पाने का बड़ा अवसर मिलेगा। इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले विस्तृत भर्ती विज्ञापन में दी गई सभी पात्रता शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts