रायपुर, 08 अगस्त 2026

नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ प्रगति के पथ पर निरंतर अग्रसर : सीएम साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार शाम राजधानी रायपुर के महोबा बाजार स्थित एक निजी होटल में आयोजित आईटीवी नेटवर्क और इंडिया न्यूज के युवा मंच कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद की समाप्ति के बाद छत्तीसगढ़ अब समन्वित रूप से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। सरकार सरगुजा से लेकर बस्तर तक लक्ष्यकेंद्रित विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विशिष्टजनों को सम्मानित भी किया।

नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नक्सलवाद छत्तीसगढ़ के विकास में बड़ी बाधा रहा है। सरकार के गठन के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में हुई बैठकों में यह सामने आया कि देश में बची नक्सल समस्या का बड़ा हिस्सा छत्तीसगढ़ में था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ डेडलाइन तय कर सुरक्षा बलों ने अदम्य साहस दिखाया और छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त बनाने में सफलता हासिल की।

पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पर्यटन के विकास की अपार संभावनाएं हैं। बस्तर का चित्रकोट जलप्रपात नियाग्रा के नाम से प्रसिद्ध है। वहीं धुड़मारास गांव को संयुक्त राष्ट्र विश्व पर्यटन संगठन ने दुनिया के सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांवों की सूची में शामिल किया है। यहां बम्बू राफ्टिंग और होम स्टे जैसी पर्यटन गतिविधियां पर्यटकों को आकर्षित कर रही हैं।

सरकार ने राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नई उद्योग नीति में पर्यटन क्षेत्र को भी शामिल किया है।

युवाओं के भविष्य को लेकर सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण के खिलाफ कड़ा कानून लाया गया है। अन्य राज्यों के कानूनों का अध्ययन करने के बाद धर्म स्वातंत्र्य बिल लाया गया है और प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है। पीएससी में भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई की गई है। अब पीएससी सहित सभी भर्ती परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से आयोजित की जा रही हैं, जिससे युवाओं और उनके अभिभावकों में भर्ती प्रक्रिया को लेकर विश्वास बढ़ा है।

जनजातीय विकास पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और विकास की नीति बनाने में उनके सुझाव महत्वपूर्ण हैं। छत्तीसगढ़ आदिवासी बहुल राज्य है और जनजातीय विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान में छत्तीसगढ़ के करीब 6 हजार गांवों को शामिल किया गया है। प्रदेश में निवासरत 5 विशेष पिछड़ी जनजातियों के उत्थान के लिए भी सरकार लगातार काम कर रही है।

शिक्षा को बताया विकास का मूलमंत्र

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शिक्षा विकास का मूलमंत्र है। प्रदेश में हर स्तर पर स्कूल संचालित हैं और प्रत्येक ब्लॉक में कॉलेज की सुविधा उपलब्ध है। नक्सलमुक्त बस्तर में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है, जिसके लिए बजट में प्रावधान किया गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य में शिक्षा मिशन पर काम किया जा रहा है और जनजातीय बहुल पड़ोसी राज्यों को देखते हुए छत्तीसगढ़ में ट्राइबल यूनिवर्सिटी स्थापित करने का भी प्रयास है, ताकि क्षेत्र के जनजातीय विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके।

स्वास्थ्य सुविधाओं का हो रहा विस्तार

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि 5 नए मेडिकल कॉलेजों को स्वीकृति मिल चुकी है। इनमें कुल 250 सीटें स्वीकृत हुई हैं और इसी वर्ष से पढ़ाई शुरू होने की बात कही गई।

बस्तर में सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल शुरू हो चुका है, जहां ब्रेन ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारियों का भी उपचार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत करीब 34 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है और लगभग 40 हजार लोगों का उपचार किया गया है।

8 लाख करोड़ के एमओयू, निवेश से रोजगार की उम्मीद

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश की नई उद्योग नीति के तहत 8 लाख करोड़ रुपये के एमओयू साइन किए गए हैं और इन निवेश प्रस्तावों का असर अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। सेमीकंडक्टर प्लांट, एआई डाटा सेंटर और टेक्सटाइल सेक्टर में काम आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि ऐसे उद्यमियों के लिए विशेष इंसेंटिव का प्रावधान किया गया है, जो अपने उद्योगों के माध्यम से 1,000 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराएंगे। बरसात के बाद रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न उद्योगों में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास होगा।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा, आईटीवी नेटवर्क एवं इंडिया न्यूज के पदाधिकारीगण तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts