रायपुर,7 अगस्त 2026
राष्ट्रीय हाथकरघा दिवस के अवसर पर 7 अगस्त को रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। ग्रामोद्योग एवं स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
‘कोशल फेब’ ब्रांड और ‘बिलासा’ लोगो का होगा शुभारंभ
समारोह के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य हाथकरघा संघ के नए प्रीमियम ब्रांड ‘कोशल फेब’ का शुभारंभ तथा ‘बिलासा’ लोगो का लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही इन्वेंटरी मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर, पुरस्कृत बुनकरों की डायरेक्टरी और टाई-डाई व बांधनी रंगाई पर आधारित पुस्तक का भी विमोचन होगा।
बुनकरों और विद्यार्थियों को मिलेगी करोड़ों की सौगात
कार्यक्रम में 935 मेधावी विद्यार्थियों को 81.83 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं 17 वरिष्ठ बुनकरों को 1.87 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। स्व. बिसाहूदास महंत सर्वश्रेष्ठ बुनकर पुरस्कार और राजराजेश्वरी करुणा माता बुनकर पुरस्कार के तहत चयनित 8 बुनकरों को 1-1 लाख रुपये एवं प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे।
आवास, उपकरण और विभिन्न योजनाओं का मिलेगा लाभ
समारोह में 49 बुनकरों को आवास निर्माण के लिए 1.22 करोड़ रुपये, 5 बुनकर समितियों को भवन निर्माण हेतु 75 लाख रुपये, तथा 85 बुनकरों को उन्नत उपकरण उपलब्ध कराने के लिए 14.92 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। इसके अलावा रेशम कृषकों, माटीशिल्पियों और हस्तशिल्पियों को भी विभिन्न योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता एवं सामग्री वितरित की जाएगी। जशपुर के ग्राम गोरिया में ग्लेजिंग यूनिट के लिए 2.86 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की जाएगी।
फैशन शो में दिखेगा कोसा सिल्क और बस्तर की प्रतिभाओं का जलवा
समारोह का प्रमुख आकर्षण कोसा सिल्क और हैंडवुवन कॉटन पर आधारित विशेष फैशन शो होगा। इसमें बस्तर की युवा प्रतिभाएं, पेशेवर मॉडल और मिस इंडिया अर्थ 2026 अनुष्का सोने पारंपरिक परिधानों का प्रदर्शन करेंगी। कार्यक्रम में प्रदेशभर के बुनकर, हस्तशिल्पी, रेशम कृषक, माटीशिल्पी और जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल होंगे।



