रायपुर,1 नवंबर 2026

केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया आज 1 नवंबर को छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान वे नवा रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही वे श्री सत्य साईं संजीवनी बाल हृदय चिकित्सालय में नर्सिंग महाविद्यालय एवं परिचारक छात्रावास निर्माण कार्य का भूमिपूजन करेंगे। केंद्रीय मंत्री रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के समापन समारोह में भी शामिल होंगे।

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर तक नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान में भव्य आयोजन किया जा रहा है। इसमें प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककलाओं, जनजातीय परंपराओं और विकास यात्रा की झलक देखने को मिलेगी। तीन दिनों तक स्थानीय कलाकारों के साथ राष्ट्रीय स्तर के प्रसिद्ध कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

नर्सिंग महाविद्यालय और परिचारक छात्रावास का करेंगे भूमिपूजन

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया आज शाम 5 बजे नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी बाल हृदय चिकित्सालय पहुंचेंगे। यहां वे नर्सिंग महाविद्यालय एवं परिचारक छात्रावास के निर्माण कार्य का भूमिपूजन करेंगे।

इस परियोजना से स्वास्थ्य शिक्षा के लिए आवश्यक अधोसंरचना विकसित करने में मदद मिलेगी। साथ ही नर्सिंग शिक्षा को बढ़ावा देने और चिकित्सा सेवाओं के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।

शाम 6 बजे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में होगा राज्योत्सव का शुभारंभ

केंद्रीय मंत्री डॉ. मांडविया शाम 6 बजे नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान पहुंचेंगे और तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का शुभारंभ करेंगे। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय करेंगे।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव एवं श्री विजय शर्मा सहित प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के समापन समारोह में बढ़ाएंगे खिलाड़ियों का उत्साह

राज्योत्सव के शुभारंभ के बाद केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया रात 8 बजे रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल हॉकी स्टेडियम पहुंचेंगे। यहां वे छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के समापन समारोह में शामिल होंगे और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएंगे।

केंद्रीय खेल मंत्री की मौजूदगी प्रदेश में हॉकी सहित अन्य खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता और कौशल दिखाने का अवसर प्रदान कर रही है।

केंद्रीय मंत्री का यह दौरा राज्य स्थापना दिवस के उत्सव के साथ स्वास्थ्य शिक्षा, सांस्कृतिक संरक्षण और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उनके प्रवास के दौरान होने वाले ये कार्यक्रम प्रदेश में विकास और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में अहम साबित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts