रायपुर,1 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का गठन पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। आज प्रदेश लाल आतंक से मुक्त होकर शांति, विश्वास और विकास के नए युग में प्रवेश कर रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 26 वर्ष पूरे होना सभी प्रदेशवासियों के लिए गौरव और उत्साह का अवसर है। पृथक राज्य के गठन से प्रदेश की जनता की आशाओं और आकांक्षाओं को नई पहचान मिली तथा विकास की नई संभावनाओं के द्वार खुले। राज्य सरकार अटल बिहारी वाजपेयी के समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ के सपने को साकार करने के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
लाल आतंक से मुक्ति के बाद शांति और विकास का नया दौर
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष का राज्योत्सव कई मायनों में ऐतिहासिक और विशेष है। यह पहला राज्योत्सव है, जब छत्तीसगढ़ लाल आतंक से मुक्त होकर शांति, विश्वास और विकास के नए युग की ओर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प और डबल इंजन सरकार के निरंतर प्रयासों से यह ऐतिहासिक उपलब्धि संभव हुई है।
मुख्यमंत्री ने इस सफलता में सुरक्षा बलों के जवानों के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि वीर जवानों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान का प्रदेश सदैव कृतज्ञतापूर्वक स्मरण करेगा।
गांवों में खुशहाली और युवाओं को बेहतर अवसर देना सरकार का संकल्प
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प छत्तीसगढ़ के हर गांव में खुशहाली लाना, प्रत्येक युवा को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संसाधनों और जनशक्ति के सामर्थ्य से छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। सरकार का प्रयास है कि विकास की प्रक्रिया में समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित हो और प्रत्येक व्यक्ति को आगे बढ़ने का अवसर मिले।
2047 तक समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस का पावन अवसर अपनी उपलब्धियों पर गर्व करने के साथ उज्ज्वल भविष्य के लिए नए संकल्प लेने का भी अवसर है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि सभी मिलकर वर्ष 2047 तक समृद्ध, सशक्त और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प लें और इसे साकार करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रदेशवासी एकजुट होकर छत्तीसगढ़ को विकास, खुशहाली और समृद्धि के नए शिखर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।



