रायपुर, 26 जुलाई 2026

बिहान योजना और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयास अब ज़मीनी स्तर पर सकारात्मक परिणाम दे रहे हैं। इसका उत्कृष्ट उदाहरण बिलासपुर जिले के विकासखंड मस्तुरी के ग्राम कछार स्थित वैष्णो देवी शक्ति महिला स्वसहायता समूह है, जिसकी महिलाएं सामूहिक प्रयास और उद्यमिता के बल पर आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं।

समूह की अध्यक्ष श्रीमती अपूर्वा तिवारी के नेतृत्व में महिलाएं घरेलू उपयोग के विभिन्न उत्पादों का निर्माण कर रही हैं। इनमें क्लीनिंग एवं अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री शामिल है। बेहतर गुणवत्ता और स्वच्छता के कारण इन उत्पादों की स्थानीय बाजार में अच्छी मांग है, जिससे समूह को नियमित रूप से अच्छा लाभ प्राप्त हो रहा है।

बिहान योजना के तहत समूह को प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता, विपणन सहयोग और उद्यम विकास का मार्गदर्शन मिला। इस सहयोग से महिलाओं ने अपने कौशल को सफल व्यवसाय में बदला और अब वे अपने उत्पादों की बिक्री स्थानीय हाट-बाजारों, मेलों और प्रदर्शनियों में भी कर रही हैं। इससे उनकी आय में लगातार वृद्धि हुई है और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।

समूह की अध्यक्ष श्रीमती अपूर्वा तिवारी ने बताया कि बिहान योजना और एनआरएलएम के सहयोग से महिलाओं को रोजगार का नया अवसर मिला है। पहले महिलाएं केवल घरेलू कार्यों तक सीमित थीं, लेकिन अब वे स्वयं उत्पादन, विपणन और व्यवसाय का संचालन कर रही हैं। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और समाज में उनकी अलग पहचान बनी है।

वैष्णो देवी शक्ति महिला स्वसहायता समूह की सफलता ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरी है। शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता, सम्मानजनक आजीविका और सशक्त भविष्य की ओर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts