रायपुर, 13 सितंबर 2026
देश में लगातार दो वर्षों तक सर्वाधिक शुगर रिकवरी हासिल करने वाले भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना, कवर्धा ने किसानों को एक और बड़ी सौगात दी है। उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने आज 28 हजार शेयरधारी गन्ना किसानों को 30 रुपए प्रति किलो की रियायती दर पर 50 किलो शक्कर वितरण का शुभारंभ किया।
यह लगातार तीसरा वर्ष है, जब कारखाने से जुड़े किसानों को रियायती दर पर शक्कर उपलब्ध कराई जा रही है। कार्यक्रम में आदिम जाति विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी मंत्री श्री रामविचार नेताम वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना कवर्धा को वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में सर्वोच्च शुगर रिकवरी के लिए नेशनल को-ऑपरेटिव शुगर फेडरेशन, नई दिल्ली की ओर से राष्ट्रीय स्तर का एफिशिएंसी अवार्ड प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि पर उप मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों, शेयरधारी किसानों और कारखाना कर्मचारियों को बधाई दी।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने किसानों की सुविधा के लिए भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना परिसर में डोम निर्माण की घोषणा भी की।
किसानों की सहभागिता से मजबूत हुआ कारखाना
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि यह कारखाना किसानों का अपना कारखाना है और इसकी मजबूती किसानों की सहभागिता से ही संभव है। उन्होंने कहा कि लगातार तीसरे वर्ष किसानों को रियायती दर पर शक्कर वितरण की शुरुआत की गई है।
इस वर्ष 4 हजार 686 नए किसानों को शेयरधारी बनाया गया है। इसके साथ अब लगभग 28 हजार शेयरधारी किसानों को 30 रुपए प्रति किलो की दर से 50 किलो शक्कर उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि किसानों को मिल रहा यह लाभ सहकारिता की भावना और कारखाने से उनके जुड़ाव का महत्वपूर्ण परिणाम है।
4 लाख मीट्रिक टन गन्ना पेराई का लक्ष्य
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष भोरमदेव शक्कर कारखाने में 2 लाख 55 हजार मीट्रिक टन गन्ने की पेराई की गई थी। इस वर्ष इसे बढ़ाकर 4 लाख मीट्रिक टन करने का लक्ष्य रखा गया है।
साथ ही 10 हजार किसानों से गन्ना अनुबंध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में कारखाने से अनुबंध करने और गन्ना उपलब्ध कराने की अपील की।
उन्होंने कहा कि किसानों के सहयोग से ही कारखाना आगे बढ़ेगा और इसका लाभ भी किसानों तक पहुंचेगा।
लगातार दो वर्ष देश में सर्वाधिक रिकवरी
श्री विजय शर्मा ने बताया कि भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना ने वर्ष 2024-25 और 2025-26 में पूरे देश में सर्वाधिक शुगर रिकवरी हासिल करने वाले कारखाने के रूप में गौरव प्राप्त किया है।
उन्होंने कहा कि बेहतर रिकवरी केवल कारखाने की उपलब्धि नहीं, बल्कि किसानों की मेहनत का परिणाम है। किसानों द्वारा उत्पादित गुणवत्तापूर्ण गन्ने और उनके परिश्रम से ही कारखाना राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सका है।
उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत, कारखाना प्रबंधन की कार्यक्षमता और सहकारिता की भावना मिलकर भोरमदेव शक्कर कारखाना को नई पहचान दे रही है।
सहकारिता से किसानों को मिलता है लाभ
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारी समिति की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें होने वाला लाभ सभी सदस्यों के बीच साझा होता है। यही कारण है कि सहकारिता किसानों के लिए उपयोगी और लाभकारी व्यवस्था है।
उन्होंने किसानों से कारखाने से जुड़कर शेयरधारी बनने और गन्ना अनुबंध के माध्यम से कारखाने की गतिविधियों को मजबूत करने का आग्रह किया। उन्होंने किसानों को समर्थन मूल्य बोनस बढ़ाने का भी आश्वासन दिया।
कवर्धा के किसानों की मेहनत ने प्रदेश को दिलाई पहचान
कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी मंत्री श्री रामविचार नेताम ने कहा कि यह दिन किसानों के लिए बहुत महत्वपूर्ण और खुशी का अवसर है।
उन्होंने कहा कि तीजा पर्व और गणेश चतुर्थी की तैयारियों के बीच किसानों को रियायती दर पर शक्कर का वितरण किया जाना त्योहारों की खुशियों में और मिठास बढ़ाने वाला कदम है।
श्री नेताम ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश और उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के प्रयासों से किसानों के हित में रियायती दर पर शक्कर वितरण की व्यवस्था फिर शुरू हुई है।
उन्होंने कहा कि कवर्धा के किसानों की मेहनत और परिश्रम ने प्रदेश को नई पहचान दिलाई है। बेहतर गन्ना उत्पादन और शक्कर की अच्छी रिकवरी किसानों की मेहनत का परिणाम है।
मंत्री श्री नेताम ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि गन्ना उत्पादक किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और गन्ने का उत्पादन और बढ़े। किसानों के हित में बोनस बढ़ाने के लिए भी आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य श्री राम कुमार भट्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष बोड़ला श्री विजय पाटिल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्री विदेशीराम धुर्वे सहित जनप्रतिनिधि, किसान और कारखाना प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



