महाराष्ट्र, 9 जुलाई 2026

रायगढ़ जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते HPCL (हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड) के पातालगंगा एलपीजी बॉटलिंग प्लांट से करीब 3,000 एलपीजी गैस सिलेंडर पातालगंगा नदी में बह गए। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसके बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है।

जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश के कारण प्लांट परिसर में भारी जलभराव हो गया। पानी का स्तर तेजी से बढ़ने से कतार में रखे करीब 3,000 भरे और खाली गैस सिलेंडर तेज बहाव में बहकर नदी में पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने नदी में बहते सिलेंडरों का वीडियो अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

घटना के बाद नदी किनारे बसे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सिलेंडरों में विस्फोट हो जाता, तो आसपास के गांवों में बड़ा हादसा हो सकता था।

बताया गया कि कुछ लोग नदी में बहकर आए खाली गैस सिलेंडर अपने वाहनों पर ले जाने लगे। इस दौरान पुलिस और HPCL के कर्मचारियों ने उन्हें रोकते हुए सिलेंडर अपने कब्जे में लेने से मना किया।

रायगढ़ के कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को कोई एलपीजी गैस सिलेंडर मिले तो उसे अपने पास न रखें, बल्कि संबंधित तहसील कार्यालय या HPCL के अधिकृत डीलर के पास जमा कराएं। साथ ही लोगों से सिलेंडरों को हाथ न लगाने की भी सलाह दी गई है, क्योंकि उनमें गैस हो सकती है और वे पूरी तरह सुरक्षित स्थिति में नहीं भी हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts