रायपुर/कोरबा, 24 अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। स्कूटी पर सवार भाई-बहन ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर खाक हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

भिलाईबाजार तालाब के पास हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, पीयूष कंवर अपनी बहन के साथ कुसमुंडा से कटकीडबरी लौट रहे थे। इसी दौरान भिलाईबाजार तालाब के पास उनकी इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। स्थिति को भांपते हुए दोनों भाई-बहन स्कूटी से कूद गए और अपनी जान बचाने में सफल रहे।

देखते ही देखते जलकर खाक हुई स्कूटी

स्कूटी में लगी आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में पूरा वाहन आग की लपटों से घिर गया। स्कूटी धू-धूकर जलने लगी और पूरी तरह जलकर खाक हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें आग की भयावहता देखी जा सकती है।

इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा पर उठे सवाल

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले कटघोरा कॉलेज के पास भी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने की घटना सामने आई थी। लगातार ऐसी घटनाएं सामने आने से इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

हालांकि, कोरबा में हुई इस घटना में आग लगने के वास्तविक कारणों की जानकारी सामने नहीं आई है। समय रहते स्कूटी से कूदने के कारण भाई-बहन की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts