नई दिल्ली/चेन्नई , 5 जून 2026
तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।
भाजपा की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि अन्नामलाई का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह के हस्ताक्षर से जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि अब अन्नामलाई भाजपा के प्राथमिक सदस्य नहीं हैं।
सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ समय से अन्नामलाई पार्टी के भीतर सक्रिय भूमिका में नजर नहीं आ रहे थे। उन्हें मनाने के लिए पार्टी नेतृत्व ने प्रयास भी किए थे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन से भी मुलाकात की थी। हालांकि तमाम अटकलों के बीच उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला कर लिया।
अन्नामलाई को तमिलनाडु में भाजपा का एक आक्रामक और लोकप्रिय चेहरा माना जाता रहा है। उन्होंने पार्टी संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके नेतृत्व में भाजपा का वोट प्रतिशत बढ़ा और राज्य की राजनीति में पार्टी की मौजूदगी मजबूत हुई।
अन्नामलाई का राजनीतिक सफर
- वर्ष 2020 में भाजपा में शामिल हुए।
- महज 10 महीने में तमिलनाडु भाजपा के सबसे युवा प्रदेश अध्यक्ष बने।
- 2021 विधानसभा चुनाव में खुद चुनाव हारने के बावजूद पार्टी को चार सीटें दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
- 2024 लोकसभा चुनाव में तमिलनाडु में भाजपा का वोट शेयर बढ़ाने का श्रेय भी उन्हें दिया जाता है।
इधर, अन्नामलाई के इस्तीफे के बाद उनकी अगली राजनीतिक पारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हाल ही में मदुरै में लगे कुछ पोस्टरों में उन्हें अभिनेता रजनीकांत और अजित कुमार के साथ दिखाया गया था, जिसके बाद उनके भविष्य को लेकर अटकलें और तेज हो गई थीं।
फिलहाल भाजपा नेतृत्व की ओर से उनके इस्तीफे पर औपचारिक पुष्टि कर दी गई है, जबकि राजनीतिक गलियारों में अब उनके अगले कदम को लेकर चर्चा जारी है।
