रायपुर,27 जुलाई 2026
नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन 2.0 की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव सहित छत्तीसगढ़ के लोकसभा और राज्यसभा सांसदों ने भाग लिया। इस दौरान मिशन की प्रगति, वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, सांसद चिंतामणि महाराज, राधेश्याम राठिया, कमलेश जांगड़े, ज्योत्सना महंत, संतोष पांडेय, विजय बघेल, बृजमोहन अग्रवाल, रूपकुमारी चौधरी, महेश कश्यप, भोजराज नाग तथा राज्यसभा सांसद राजा देवेंद्र प्रताप सिंह, लक्ष्मी वर्मा और फूलो देवी नेताम उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों के हर घर तक सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने, जल जीवन मिशन 2.0 की परियोजनाओं में तेजी लाने, निर्माण गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा जनप्रतिनिधियों के सुझावों के आधार पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष मंथन किया गया। सांसदों ने अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों से जुड़े सुझाव और आवश्यकताओं को भी साझा किया।
बैठक में समयबद्ध क्रियान्वयन, नियमित मॉनिटरिंग और केंद्र एवं राज्य सरकार के बेहतर समन्वय के माध्यम से योजनाओं को गति देने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने मिशन की प्रमुख विशेषताओं और क्रियान्वयन रणनीति की भी विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक के दौरान सांसदों से जिला स्तरीय DIHSA बैठकों में सक्रिय भागीदारी निभाने, योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं के समाधान में सहयोग करने तथा ‘जल अर्पण’ कार्यक्रमों में शामिल होकर पूर्ण हो चुकी पेयजल योजनाओं के लोकार्पण और ग्राम पंचायतों को उनके हस्तांतरण को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया गया।
समीक्षा बैठक में केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुल हक़ भी मौजूद रहे। बैठक में जल जीवन मिशन 2.0 के लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के लिए राज्य और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर सहमति बनी।



