नई दिल्ली , 5 जून 2026

विपक्षी गठबंधन INDIA Alliance को बड़ा झटका लगा है। DMK प्रमुख एमके स्टालिन ने कांग्रेस के साथ राजनीतिक मतभेदों के बीच गठबंधन से दूरी बनाने का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही पार्टी ने संसद के दोनों सदनों में अपने सांसदों के लिए अलग बैठने की व्यवस्था की मांग की थी, जिसे मंजूरी भी मिल गई है।

जानकारी के अनुसार, तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद बदले राजनीतिक समीकरणों ने कांग्रेस और DMK के रिश्तों में खटास पैदा कर दी। चुनाव के बाद कांग्रेस द्वारा नई राजनीतिक रणनीति अपनाने के फैसले से DMK नेतृत्व नाराज बताया जा रहा है। इसी के बाद दोनों दलों के बीच दूरी बढ़ती चली गई।

DMK सांसद कनिमोझी करुणानिधि ने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर पार्टी सांसदों के लिए अलग सीटिंग व्यवस्था की मांग की थी। लोकसभा सचिवालय ने इस मांग को स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद संसद में DMK सांसद INDIA गठबंधन के अन्य दलों से अलग बैठेंगे।

वहीं, 8 जून को नई दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में प्रस्तावित INDIA ब्लॉक की बैठक को लेकर भी DMK ने बड़ा फैसला लिया है। पार्टी ने साफ कर दिया है कि वह इस बैठक में शामिल नहीं होगी। एमके स्टालिन ने कहा कि पार्टी ऐसे किसी मंच का हिस्सा नहीं बनेगी, जहां कांग्रेस मौजूद हो।

DMK मुख्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि कांग्रेस के हालिया राजनीतिक कदमों से पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं। कार्यकर्ताओं के सम्मान और उनकी भावनाओं को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

दूसरी ओर, DMK के वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस पर “पीठ में छुरा घोंपने” और “राजनीतिक धोखा” देने का आरोप लगाया है। हालांकि कांग्रेस ने अपने फैसलों को परिस्थितियों के अनुरूप और उचित बताया है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि DMK और कांग्रेस के बीच बढ़ी यह दूरी विपक्षी एकता की रणनीति पर असर डाल सकती है और आने वाले समय में राष्ट्रीय राजनीति में नए समीकरण देखने को मिल सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts