मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, 26 जून 2026

जिले में हिट एंड रन का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। गुंडरदेही गांव के पास शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खेल रहे एक मासूम बच्चे को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने ट्रक को पकड़ने के लिए मोहला और मानपुर थाना क्षेत्र में बैरिकेडिंग की। हालांकि आरोपी चालक ने दो बार पुलिस बैरिकेड तोड़ते हुए ट्रक नहीं रोका और तेज रफ्तार से भाग निकला। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।

पुलिस ने लगातार पीछा किया, जिसके दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर गया। इसके बाद कोरकोट्टी गांव के पास आरोपी चालक को पकड़ लिया गया। फिलहाल उसे पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, चालक नशे में था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इधर, मासूम की मौत से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। घटना के बाद क्षेत्र में चक्काजाम की स्थिति बन गई और लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts