रायपुर,6 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दूध, दही, मक्खन और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि सरकार किसी भी मिलावटखोर को नहीं छोड़ेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि एनालॉग पनीर के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ सभी खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

रेलवे स्टेशन पर 500 किलो पनीर जब्ती मामले में अब तक कार्रवाई नहीं होने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि रेलवे परिसर से जुड़े मामलों में रेलवे प्रशासन की भी भूमिका होती है। इसके बावजूद खाद्य एवं औषधि विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है और मिलावट के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा, “वे डाल-डाल हैं तो हम पात-पात हैं।”

मेडिकल कॉलेज के छात्रों द्वारा स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर मंत्री ने कहा कि छात्रों से उनकी मुलाकात हो चुकी है। लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का अधिकार है। इस विषय पर मुख्यमंत्री से चर्चा हो चुकी है और सरकार इस पर विचार कर रही है।

2028 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के दावों पर तंज कसते हुए श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के एक पॉकेट में पेट्रोल और दूसरे में माचिस है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के भीतर आपसी संघर्ष है, इसलिए पार्टी एकजुट होकर काम नहीं कर सकती और केवल योजनाएं बनाती है, उन पर अमल नहीं कर पाती।

रायपुर कमिश्नरेट के विस्तार को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के पत्र पर मंत्री ने कहा कि वे वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि हैं तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताना उनका अधिकार और कर्तव्य है। कांग्रेस की आलोचना पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बृजमोहन अग्रवाल से जनप्रतिनिधि होने का दायित्व सीखना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts