एकलव्य छात्रावास के बाथरूम में 9वीं के छात्र का शव मिला: फंदे से लटका मिला उमेश, जांच में जुटी पुलिस
सक्ती,6 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले स्थित एकलव्य आदर्श बालक छात्रावास, पलाड़ी खुर्द में 9वीं कक्षा के छात्र उमेश कंवर का शव बाथरूम में फंदे से लटका हुआ मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बासिन निवासी उमेश कंवर छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था। गुरुवार सुबह जब अन्य छात्र बाथरूम पहुंचे, तब उन्होंने उमेश को फांसी के फंदे पर लटका देखा। इसकी सूचना तत्काल छात्रावास प्रबंधन को दी गई।
छात्र को तत्काल सक्ती जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने मामले को लेकर नाराजगी जताई।
बताया जा रहा है कि छात्रावास प्रबंधन को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं और इस संबंध में छात्र कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचे थे। हालांकि, इस घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



