नई दिल्ली, 18 जून 2026

राजधानी दिल्ली में संभावित आतंकी हमले की साजिश को सुरक्षा एजेंसियों ने समय रहते विफल कर दिया है। मामले में गिरफ्तार सात आतंकियों से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के इशारे पर दिल्ली के प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थलों की रेकी कराई गई थी।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर से आतंकी बने शहजाद भट्टी और अजमल गुज्जर के निर्देश पर यह गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। आशंका है कि राजधानी में बड़े आतंकी हमले की जमीन तैयार करने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों की जानकारी जुटाई जा रही थी।

इन स्थानों की कराई गई रेकी

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने गफ्फार मार्केट, सरोजिनी नगर मार्केट, कनॉट प्लेस, चावड़ी बाजार और सदर बाजार सहित कई भीड़भाड़ वाले इलाकों की तस्वीरें और वीडियो तैयार किए थे। इसके अलावा कुछ धार्मिक स्थलों की भी जानकारी जुटाकर विदेश में बैठे हैंडलरों तक पहुंचाई गई।

सुरक्षा एजेंसियों की बढ़ी चिंता

जांचकर्ताओं का मानना है कि यह केवल सामान्य निगरानी नहीं थी, बल्कि संभावित आतंकी कार्रवाई की तैयारी का हिस्सा हो सकती है। विशेष चिंता की बात यह है कि जिन स्थानों की रेकी की गई, उनमें से कई स्थान पहले भी आतंकियों के निशाने पर रह चुके हैं।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां गिरफ्तार आतंकियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क, विदेशी संपर्कों और साजिश के दायरे का पता लगाने में जुटी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts