रायपुर, 17 सितंबर 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर का महादेव घाट सवा लाख दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। खारुन नदी के पावन तट पर विराट दीपोत्सव एवं महाआरती ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम में शामिल हुए और प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।

सवा लाख दीपों की एक साथ प्रज्वलित ज्योति से महादेव घाट का पूरा परिसर रोशन हो उठा। श्रद्धा, आस्था और जनभागीदारी के बीच खारुन मैया की भव्य महाआरती की गई। मुख्यमंत्री साय ने भी महाआरती में सहभागिता की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना जीवन राष्ट्र और जनसेवा के लिए समर्पित किया है। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास, जनकल्याण और राष्ट्रीय स्वाभिमान के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।

उन्होंने कहा कि खारुन मैया के तट पर प्रज्वलित सवा लाख दीप छत्तीसगढ़वासियों के स्नेह, आत्मीयता और शुभकामनाओं की अभिव्यक्ति हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ, सुदीर्घ और यशस्वी जीवन की कामना की।

खारुन मैया की महाआरती, गीत का विमोचन

विराट दीपोत्सव के दौरान साध्वी प्रज्ञा भारती और आचार्यों द्वारा विधि-विधान से खारुन मैया की महाआरती की गई। मुख्यमंत्री साय ने भी इसमें सहभागिता की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्पित साध्वी प्रज्ञा भारती द्वारा रचित एवं स्वरबद्ध गीत का मुख्यमंत्री ने विमोचन किया।

PM मोदी के नेतृत्व में हुए ऐतिहासिक परिवर्तन

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने कई महत्वपूर्ण निर्णय और परिवर्तन देखे हैं। उन्होंने अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने और अयोध्या में भगवान श्री रामलला के भव्य मंदिर में विराजमान होने का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रहित में बड़े और दूरगामी निर्णय लिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण की गति तेज हुई है और भारत आज विश्व मंच पर अधिक आत्मविश्वास के साथ अपनी भूमिका निभा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए शासन का केंद्र गरीब और समाज के अंतिम पायदान पर खड़ा व्यक्ति रहा है। गरीब परिवारों को पक्का आवास, शौचालय, जन-धन खाते, रसोई गैस कनेक्शन और खाद्यान्न सुरक्षा जैसी सुविधाओं से जोड़ने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए गए हैं।

‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में इस अभियान के तहत स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता और जनकल्याण से जुड़े कार्य जनभागीदारी के साथ किए जाएंगे।

PM मोदी से अपने कार्य अनुभव को किया साझा

मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपने कार्य अनुभव को याद करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्हें केंद्र सरकार में केंद्रीय राज्यमंत्री के रूप में कार्य करने का अवसर मिला। इस दौरान उन्हें प्रधानमंत्री की कार्यशैली, अनुशासन, परिश्रम और जनसेवा के प्रति समर्पण को करीब से देखने का अवसर मिला।

उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व करने तक प्रधानमंत्री मोदी का 25 वर्ष का सार्वजनिक जीवन सेवा और सुशासन को समर्पित रहा है।

छत्तीसगढ़ से PM मोदी का आत्मीय जुड़ाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का छत्तीसगढ़ से गहरा आत्मीय जुड़ाव रहा है और प्रदेश के विकास को केंद्र सरकार से निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन मिला है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति और सुरक्षा बलों के साहस से छत्तीसगढ़ ने माओवादी हिंसा के विरुद्ध महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। बस्तर में शांति और विकास के नए अवसर बने हैं तथा सड़क, बिजली, मोबाइल कनेक्टिविटी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच रही हैं।

रायपुर में 32 लाख दीप प्रज्वलित करने का दावा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महादेव घाट पर सवा लाख दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन के लिए मंगलकामनाएं की गईं। उन्होंने बताया कि राजधानी रायपुर में विभिन्न स्थानों पर लगभग 32 लाख दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि दीप भारतीय संस्कृति में आशा, विश्वास, सकारात्मकता और प्रकाश का प्रतीक है। ‘आशीर्वाद का दीया’ सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का भी प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने विराट दीपोत्सव एवं महाआरती के आयोजन के लिए आयोजकों, सनातन ध्वज वाहिनी के पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों और नागरिकों को बधाई दी।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक राजेश मूणत और मोतीलाल साहू, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे, श्रीमती कौशल्या साय सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts