रायपुर, 30 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित निरंजन धर्मशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी का श्रवण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री का देश के 140 करोड़ नागरिकों से आत्मीय संवाद का सशक्त माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ‘मन की बात’ के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे नवाचारों, प्रेरक प्रयासों और सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों की उपलब्धियों को देश के सामने रखते हैं। इससे अच्छा काम करने वाले लोगों का उत्साह बढ़ता है और उनके प्रयास लाखों नागरिकों के लिए प्रेरणा बनते हैं।
‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने आज ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के संकल्प को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं को नशे से दूर रखना परिवार, समाज और राष्ट्र की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि नशे का दुष्प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। स्वस्थ और ऊर्जावान युवा पीढ़ी ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकती है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से नशामुक्ति अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
‘हर घर तिरंगा’ में दिखा राष्ट्रप्रेम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति देशवासियों के उत्साह का भी उल्लेख किया। अभियान के तहत 8 करोड़ से अधिक लोगों ने तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड की। उन्होंने इसे राष्ट्रध्वज के प्रति देशवासियों के सम्मान, गौरव और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक बताया।
PM स्वनिधि से महिलाओं को आर्थिक संबल
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की चर्चा की। उन्होंने बताया कि योजना के लाभार्थियों में करीब 46 प्रतिशत महिलाएं हैं और देशभर में लगभग 35 लाख महिलाएं इससे जुड़कर अपने छोटे व्यवसायों को आगे बढ़ा रही हैं।
उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से सशक्त महिला न केवल अपने परिवार को मजबूत बनाती है, बल्कि समाज और देश की प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है।
स्वच्छता को जन-जन का संकल्प बनाने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बननी चाहिए। स्थायी बदलाव तभी संभव है, जब लोग अपने घर, मोहल्ले, गांव और शहर को स्वच्छ रखने को अपनी आदत और जिम्मेदारी बनाएं।
अंतरिक्ष विज्ञान में बेटियों की उड़ान, महिमा राजपूत पर गर्व
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज देश की बेटियां विज्ञान, तकनीक और अंतरिक्ष सहित हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं। प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में मिशन शक्ति सैट जैसे प्रयासों का उल्लेख किया, जिसके माध्यम से भारत सहित विभिन्न देशों की छात्राओं को सैटेलाइट टेक्नोलॉजी और नवाचार से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिमा राजपूत का इस महत्वपूर्ण मुहिम का हिस्सा बनना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। मुख्यमंत्री ने महिमा राजपूत को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, खेल और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं।
‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ का उल्लेख गौरव की बात
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ की विभिन्न कड़ियों में छत्तीसगढ़ के नवाचारों, संस्कृति और उपलब्धियों का उल्लेख किया है। बस्तर ओलंपिक, मल्हार में मिले प्राचीन ताम्रपत्र और काले हिरण के संरक्षण जैसे विषयों को राष्ट्रीय मंच पर स्थान मिला है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के सकारात्मक प्रयासों को देशभर में पहचान मिलना प्रदेशवासियों के लिए गौरव की बात है। इससे प्रदेश में किए जा रहे अच्छे कार्यों को प्रोत्साहन मिलता है और लोगों का उत्साह बढ़ता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे सकारात्मक कार्यों को एक सूत्र में जोड़ती है। कार्यक्रम नागरिकों को स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, नवाचार, समाजसेवा और राष्ट्रहित के कार्यों के लिए प्रेरित करता है तथा जनभागीदारी की भावना को मजबूत करता है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू एवं पुरंदर मिश्रा, संतजन, विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



