रायपुर,31 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू (H1N1) का संक्रमण लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। स्वास्थ्य विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में 10 नए संक्रमित मरीज सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में स्वाइन फ्लू के कुल मरीजों की संख्या 105 से बढ़कर 115 हो गई है। वहीं एक्टिव केस 18 से बढ़कर 28 हो गए हैं।

रायपुर में सबसे ज्यादा मामले

रायपुर में 3 नए मरीज मिलने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 51 से बढ़कर 54 हो गई है। यहां एक्टिव केस भी 6 से बढ़कर 9 हो गए हैं।

वहीं दुर्ग में 3 नए संक्रमित मिले हैं। इसके बाद यहां कुल मरीजों की संख्या 7 से बढ़कर 10 और एक्टिव मरीज 2 से बढ़कर 5 हो गए हैं।

रायगढ़ में 2 नए मरीज मिले हैं। यहां कुल संक्रमितों की संख्या 5 से बढ़कर 7 और एक्टिव केस 2 से बढ़कर 4 हो गए हैं। बिलासपुर में 1 नया केस सामने आया है, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या 13 और एक्टिव मरीज 3 हो गए हैं।

सरगुजा में भी 1 नया मरीज मिला है। यहां कुल संक्रमितों की संख्या 3 और एक्टिव केस 1 हो गया है।

नए जिलों में भी पहुंचा संक्रमण

स्वाइन फ्लू का संक्रमण अब उन जिलों में भी पहुंच रहा है, जहां पहले कोई मामला सामने नहीं आया था। बलौदाबाजार-भाटापारा, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और उत्तर बस्तर कांकेर में एक-एक नया मरीज मिला है। तीनों मरीज फिलहाल एक्टिव हैं।

इसके अलावा धमतरी में 7 संक्रमित, जिनमें 4 एक्टिव हैं। कोरबा में 5 संक्रमितों में 1 एक्टिव और बेमेतरा में 3 संक्रमितों में 1 एक्टिव मरीज है। बस्तर में अब तक 2 मरीज मिल चुके हैं।

वहीं दंतेवाड़ा, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, जशपुर, महासमुंद, एमसीबी, राजनांदगांव और सूरजपुर में एक-एक मरीज मिल चुका है। इन जिलों में फिलहाल कोई एक्टिव केस नहीं है।

केंद्रीय जेल के अधिकारी भी संक्रमित

रायपुर में केंद्रीय जेल में पदस्थ एक अधिकारी भी स्वाइन फ्लू संक्रमित पाए गए हैं। उनका इलाज रायपुर के रामकृष्ण हॉस्पिटल में चल रहा है। बताया गया है कि अधिकारी परिवार के साथ कांकेर गए थे, जहां उन्हें बुखार, सर्दी और सांस लेने में परेशानी हुई। जांच में उनका H1N1 टेस्ट पॉजिटिव आया।

स्वास्थ्य विभाग ने अधिकारी के परिवार के सदस्यों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग कर ली है। परिवार के अन्य सदस्य फिलहाल स्वस्थ बताए गए हैं।

इन लक्षणों को नजरअंदाज न करें

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक बुखार के साथ लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी या अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें तो इसे सामान्य वायरल समझकर खुद से दवा नहीं लेनी चाहिए। ऐसे लक्षण होने पर डॉक्टर से जांच और सलाह लेना जरूरी है।

बुजुर्गों, छोटे बच्चों और पहले से गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। स्वाइन फ्लू संक्रमित व्यक्ति की खांसी या छींक से निकलने वाली बूंदों और नजदीकी संपर्क के जरिए फैल सकता है।

स्वाइन फ्लू से बचाव के जरूरी उपाय

  • नियमित रूप से साबुन और पानी से हाथ धोएं
  • बिना हाथ धोए आंख, नाक और मुंह को न छुएं।
  • खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को ढकें
  • जरूरत के अनुसार मास्क का इस्तेमाल करें।
  • फ्लू जैसे लक्षण होने पर भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें
  • संक्रमित व्यक्ति को डॉक्टर की सलाह के अनुसार आइसोलेशन में रखें।
  • घर और कमरे में अच्छी वेंटिलेशन बनाए रखें।
  • इन्फ्लूएंजा वैक्सीन को लेकर डॉक्टर से सलाह लें।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन संक्रमण को देखते हुए सावधानी बरतना और लक्षण दिखाई देने पर समय पर जांच व इलाज कराना बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts