रायपुर, 31 अक्टूबर 2026

छत्तीसगढ़ में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में रिक्त संविदा पदों पर भर्ती के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित शिक्षक भर्ती परीक्षा के पहले दिन अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाली इस परीक्षा के पहले दिन प्रदेशभर में 83.25 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई।

छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1,812 रिक्त संविदा पदों पर भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) आयोजित की जा रही है। लोक शिक्षण संचालनालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहले दिन प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में कुल 10 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की गईं। इनमें 7,025 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 1,177 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

शिक्षक गणित विषय में सर्वाधिक 90.25 प्रतिशत उपस्थिति

पहले दिन विषयवार उपस्थिति के आंकड़ों में शिक्षक गणित विषय सबसे आगे रहा। इसमें सर्वाधिक 90.25 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इसके अलावा व्याख्याता संस्कृत में 81.77 प्रतिशत, व्याख्याता सामाजिक विज्ञान में 84.87 प्रतिशत, व्याख्याता भौतिकी में 84.83 प्रतिशत और व्याख्याता जीव विज्ञान में 83.27 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।

इसी तरह व्याख्याता इतिहास में 80.56 प्रतिशत, व्याख्याता रसायन में 77.07 प्रतिशत, व्यायाम शिक्षक में 76.90 प्रतिशत, व्याख्याता भूगोल में 64.29 प्रतिशत तथा व्याख्याता अर्थशास्त्र में 63.64 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।

34,604 अभ्यर्थियों ने किया आवेदन, 34,514 को जारी हुए प्रवेश पत्र

इस भर्ती परीक्षा के लिए कुल 34,604 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इनमें से 34,514 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए हैं। यह कुल आवेदकों का 99.74 प्रतिशत है।

आवेदन करने वालों में 20,779 महिला अभ्यर्थी (60 प्रतिशत) और 13,825 पुरुष अभ्यर्थी (40 प्रतिशत) शामिल हैं। इस प्रकार महिला आवेदकों की संख्या पुरुष आवेदकों से अधिक रही। वहीं कुल आवेदकों में 332 दिव्यांग अभ्यर्थी भी शामिल हैं।

पहली बार कंप्यूटर आधारित परीक्षा प्रणाली से आयोजन

छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा पहली बार आयोजित की जा रही कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह देखने को मिला। परीक्षार्थियों ने परीक्षा प्रणाली की सराहना करते हुए बताया कि कंप्यूटर आधारित परीक्षा, ओएमआर और पारंपरिक पेन-पेपर परीक्षा की तुलना में अधिक तेज, पारदर्शी, सटीक और प्रभावी है।

कंप्यूटर द्वारा उत्तरों का स्वचालित मूल्यांकन होने के कारण कम समय में त्रुटिरहित परीक्षा परिणाम तैयार कर घोषित किए जा सकेंगे। वहीं अभ्यर्थियों के उत्तर, उत्तर कुंजी, डिजिटल रिकॉर्ड और ऑडिट ट्रेल उपलब्ध होने से परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

परीक्षार्थियों ने इसे राज्य शासन की एक सराहनीय पहल बताया। साथ ही उम्मीद जताई कि भविष्य में राज्य की अन्य भर्ती परीक्षाओं का आयोजन भी यथासंभव कंप्यूटर आधारित परीक्षा प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts