नई दिल्ली, 3 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ को स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन और निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एवं एक्सपो-2026 के दौरान छत्तीसगढ़ की नवीकरणीय ऊर्जा नीति, निवेश संभावनाओं और हरित ऊर्जा विकास पर केंद्रित पुस्तक का विमोचन किया।

इस पुस्तक में छत्तीसगढ़ की रिन्यूएबल एनर्जी पॉलिसी, ऊर्जा क्षेत्र में निवेश के अवसरों, ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए संचालित योजनाओं तथा राज्य में स्वच्छ एवं सतत ऊर्जा विकास की संभावनाओं को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है।

ऊर्जा क्षेत्र में निवेश और नवाचार के नए अवसर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ ऊर्जा क्षेत्र में निवेश और नवाचार के नए अवसरों के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य हरित ऊर्जा को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ को स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन और निवेश का प्रमुख केंद्र बनाना है।

उन्होंने कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं का बेहतर उपयोग कर प्रदेश में निवेश को आकर्षित किया जाएगा। इससे ऊर्जा क्षेत्र में नए अवसर विकसित होंगे और राज्य के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

निवेशकों को मिलेगी छत्तीसगढ़ की नीतियों की जानकारी

मुख्यमंत्री द्वारा विमोचित पुस्तक निवेशकों और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। इसके माध्यम से उन्हें छत्तीसगढ़ की ऊर्जा नीतियों, उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों और भविष्य की निवेश संभावनाओं की विस्तृत जानकारी मिल सकेगी।

पुस्तक में राज्य की हरित ऊर्जा से जुड़ी योजनाओं और सतत ऊर्जा विकास की संभावनाओं को भी रेखांकित किया गया है। इससे प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

ये अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर क्रेडा के अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं संबंधित क्षेत्र के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts