रायपुर, 5 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ के शहरी गरीब परिवारों के लिए दीपावली इस बार खुशियों की नई सौगात लेकर आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबके लिए आवास’ के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार के प्रयासों से प्रदेश के 4670 नए परिवारों को पक्के घर की सौगात मिली है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के लाभार्थी आधारित निर्माण (बीएलसी) घटक के तहत इन नए आवासों को मंजूरी दी है।
यह स्वीकृति प्रदेश के 27 जिलों के 84 नगरीय निकायों के लिए जारी की गई है। इससे हजारों जरूरतमंद परिवारों के अपने पक्के मकान का सपना साकार होने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है।
बीएलसी में 60,623 और एएचपी में 15,463 आवास स्वीकृत
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत भारत सरकार द्वारा इससे पहले लाभार्थी आधारित निर्माण (बीएलसी) घटक में 55,953 आवासों तथा भागीदारी में किफायती आवास (एएचपी) घटक में 15,463 आवासों को मंजूरी दी गई थी। इस तरह पहले दोनों घटकों में कुल 71,416 आवास स्वीकृत हो चुके थे।
अब दीपावली पर 4670 नए आवासों की मंजूरी मिलने के बाद बीएलसी घटक के अंतर्गत स्वीकृत आवासों की संख्या बढ़कर 60,623 हो गई है। वहीं एएचपी घटक के 15,463 आवासों को मिलाकर छत्तीसगढ़ में अब तक कुल 76,086 हितग्राहियों के आवासों को केंद्र सरकार की मंजूरी मिल चुकी है।
केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से शहरी गरीब परिवारों को अपना पक्का घर उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है। यह पहल जरूरतमंद परिवारों को केवल आवास ही नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का अवसर भी प्रदान करेगी।
हर पात्र परिवार को पक्का आवास दिलाने प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नए आवासों की स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी लाभार्थी परिवारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबके लिए आवास’ के संकल्प को छत्तीसगढ़ में तेजी से साकार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 4670 नए आवासों की स्वीकृति से हजारों शहरी गरीब परिवारों का अपने पक्के घर का सपना पूरा होगा। राज्य सरकार प्रदेश के हर पात्र परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि दीपावली के अवसर पर मिली यह सौगात उन परिवारों के लिए विशेष महत्व रखती है, जो लंबे समय से अपने घर के आंगन में खुशियों के दीप जलाने का सपना देख रहे हैं।
हर शहरी गरीब को अपना घर मिले, यही हमारा लक्ष्य : उप मुख्यमंत्री अरुण साव
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव ने आवासों की स्वीकृति को नगरीय विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने सभी हितग्राही परिवारों को बधाई देते हुए संबंधित 84 नगरीय निकायों को आवास निर्माण में हितग्राहियों को हरसंभव सहयोग देने और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के हर शहरी गरीब परिवार को अपना घर मिले, यही राज्य सरकार का लक्ष्य है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार के प्रयासों से हजारों परिवारों के अपने आशियाने की उम्मीद को मजबूती मिली है। दीपावली पर 4670 नए आवासों की स्वीकृति इसी प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण पड़ाव है। अब इन परिवारों के अपने पक्के घरों में भी खुशियों के दीप जगमगाने की उम्मीद बढ़ गई है।


