रायपुर, 22 सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन के दौरान खेती-किसानी का प्रारंभिक चरण लगभग अंतिम दौर में पहुंच गया है। 22 सितंबर तक प्रदेश में 48.44 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूरी हो चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का 99 प्रतिशत है। राज्य सरकार ने इस खरीफ सीजन में 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य निर्धारित किया है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को खेती-किसानी में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को मांग के अनुसार प्रमाणित खाद और बीज की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने खाद-बीज वितरण व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने तथा सोसायटियों में पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज का भंडारण कर लगातार निगरानी रखने को कहा है। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग के अधिकारी खाद-बीज की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रख रहे हैं।

कृषि विभाग के अनुसार, प्रदेश के किसानों को अब तक 13.14 लाख मीट्रिक टन उर्वरक और 4.58 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किए जा चुके हैं। प्रदेश में धान, मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली और रामतिल सहित विभिन्न फसलों की बोनी का काम तेजी से पूरा हुआ है।

खरीफ सीजन 2026 में प्रदेश के लिए 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके विरुद्ध सहकारी और निजी क्षेत्रों में 17.64 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का भंडारण किया गया है। किसानों को अब तक 13.14 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरित किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का 74 प्रतिशत है।

इसी तरह बीज निगम ने खरीफ सीजन 2026 के लिए 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य रखा है। इसके विरुद्ध 4.80 लाख क्विंटल बीज का भंडारण किया गया और अब तक 4.58 लाख क्विंटल बीज किसानों को वितरित किया जा चुका है। यह निर्धारित मांग का 93 प्रतिशत है।

अधिकारियों के मुताबिक, 22 सितंबर की सुबह तक छत्तीसगढ़ में 1008.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। प्रदेश की औसत वार्षिक वर्षा 1246.3 मिलीमीटर है। पिछले 10 वर्षों के आधार पर इस अवधि की औसत वर्षा 1061.6 मिलीमीटर रही है। इस लिहाज से इस वर्ष अब तक दर्ज वर्षा 53.5 मिलीमीटर कम है। पिछले वर्ष इसी अवधि में प्रदेश में 881.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई थी।

किसानों को खेती-किसानी के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से अल्पकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। चालू खरीफ सीजन 2026 में 21 सितंबर तक किसानों को 8125.51 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 6740.75 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया था। इस खरीफ सीजन में किसानों को कुल 8800 करोड़ रुपये के ऋण वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts