रायपुर,5 अक्टूबर 2026


छत्तीसगढ़ ने भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था का प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाते हुए सिंगापुर में आयोजित SING फोरम 2026 में ₹43,250 करोड़ के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) की प्रतिबद्धताएं हासिल की हैं। इनमें ₹41,750 करोड़ के AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस की बड़ी निवेश प्रतिबद्धता शामिल है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फोरम में राज्य के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया।

सिंगापुर मुख्यालय वाली एनर्जी कैपिटल ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करेगी। कंपनी एशिया-प्रशांत क्षेत्र में ऑन-साइट स्वच्छ ऊर्जा से जुड़े AI-रेडी डेटा सेंटर विकसित और वित्तपोषित करती है। मुख्यमंत्री ने फोरम में कंपनी को ‘इन्विटेशन टू इन्वेस्ट’ सौंपा।

यह निवेश छत्तीसगढ़ में डिजिटल क्षेत्र की गतिविधियों को नई गति देगा। राज्य में पहले से ही भारत का पहला AI डेटा सेंटर पार्क स्थापित है। नई परियोजना के साथ छत्तीसगढ़ को देश के उभरते डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर हब के रूप में मजबूती मिलने की उम्मीद है।

एनर्जी कैपिटल ग्लोबल के CEO स्टानिस्लाव बोरिसोव ने कहा कि AI इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए जरूरी ऊर्जा, भूमि और राजनीतिक इच्छाशक्ति छत्तीसगढ़ में उपलब्ध है। उन्होंने राज्य में मध्य भारत का सबसे बड़ा AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने, अंतरराष्ट्रीय पूंजी और विशेषज्ञता लाने तथा इसके संचालन के लिए छत्तीसगढ़ के इंजीनियरों को प्रशिक्षित करने की बात कही।

इसके अलावा सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड से सौर ऊर्जा, बैटरी स्टोरेज और कंपोनेंट्स क्षेत्र के लिए ₹1,500 करोड़ के FDI प्रस्ताव भी राज्य को मिले हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ये निवेश प्रतिबद्धताएं छत्तीसगढ़ की नीतियों, संभावनाओं और लोगों के प्रति निवेशकों के विश्वास का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि इन निवेशों से युवाओं के लिए नए अवसर पैदा होंगे और राज्य को विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य के करीब पहुंचने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित फायरसाइड चैट में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योग जगत से सीधे उनकी समस्याएं पूछकर व्यवस्थाओं में बदलाव कर रही है। उनके अनुसार छत्तीसगढ़ में 450 से अधिक सुधार किए जा चुके हैं और ‘रिफॉर्म एक्सप्रेस’ लगातार जारी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सुधारों, प्रगतिशील औद्योगिक नीति और सक्रिय सरकार के परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ को महज 18 महीनों में ₹8 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

फोरम में सिंगापुर सरकार के विदेश मंत्रालय तथा व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय की राज्य मंत्री गैन सियो ह्वांग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। मास्टरकार्ड, IHCL (ताज होटल्स) और नेस्ले सहित वैश्विक कंपनियों के वरिष्ठ नेतृत्व ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

फोरम के इतर मुख्यमंत्री ने एक्वाटेक और एड्रॉइट ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। इन चर्चाओं में उद्योगों के लिए अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग से जुड़ी अधोसंरचना और छत्तीसगढ़ में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के अवसरों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री 6 अक्टूबर 2026 को CEO राउंडटेबल में सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे। इसके जरिए SING फोरम से बनी निवेश की गति को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts