रायपुर, 3 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने आज मंत्रालय महानदी भवन में राज्य शासन के सभी विभागों के भारसाधक सचिवों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रदेश के विभिन्न प्रशासनिक विभागों में स्वीकृत, भरे और रिक्त पदों की वर्तमान स्थिति की विभागवार समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (व्यापमं) द्वारा आयोजित की जा रही भर्ती परीक्षाओं और विभागों की ओर से भेजे गए इंडेंट (मांग पत्र) की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने रिक्त पदों की पूर्ति के लिए वित्त विभाग से मिली सहमति, पूर्व में विज्ञापित पदों की स्थिति और अब तक हुई नियुक्तियों का भी ब्योरा तलब किया।
2027 की संभावित भर्तियों पर भी चर्चा
बैठक में वर्ष 2027 के लिए संभावित पदों को लेकर भी चर्चा की गई। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा अधिसूचित किए जाने वाले संभावित पदों की स्थिति के साथ-साथ सभी विभागों में अद्यतन भर्ती नियमों की स्थिति की भी गहन समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को भर्ती प्रक्रियाओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत तेजी से आगे बढ़ाने, लंबित मामलों की समीक्षा करने और विभागीय भर्ती नियमों को आवश्यकतानुसार अपडेट करने पर जोर दिया।
नियोजन की स्पष्ट रूपरेखा तैयार करने पर जोर
बैठक का मुख्य उद्देश्य शासकीय विभागों में भर्ती प्रक्रिया को गति देना, भर्ती नियमों को अद्यतन करना और आने वाले वर्षों के लिए मानव संसाधन नियोजन की स्पष्ट रूपरेखा तैयार करना रहा।
इस दौरान प्रमुख विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और छत्तीसगढ़ चयन मंडल के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों में रिक्त पदों और भर्ती प्रक्रिया की स्थिति की जानकारी प्रस्तुत की।
कई प्रमुख विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋर्चा शर्मा, गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह, नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चम्पावत, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, मुख्यमंत्री एवं खनिज विभाग के सचिव पी. दयानंद, कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया और परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में छत्तीसगढ़ चयन मंडल के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।



