बेमेतरा, 17 जून 2026

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में हुए एक दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। दाढ़ी थाना क्षेत्र के ग्राम घोरेघाट में पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी भाभी और भतीजी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी हेमलाल आदिल का परिवार के सदस्यों के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान उसने अपनी भाभी और भतीजी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही दाढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और हत्या के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। बताया जा रहा है कि वह पूर्व में हत्या के एक मामले में करीब 10 वर्ष की सजा काट चुका है। जेल से रिहा होने के बाद उसने एक बार फिर पारिवारिक विवाद के चलते इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है। इस दर्दनाक घटना ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है, जहां एक देवर ने अपनी ही भाभी और भतीजी की बेरहमी से हत्या कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts