बिलासपुर,7 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में सरकंडा पुलिस ने तथाकथित न्यूज पोर्टल ‘द हनी बैजर न्यूज’ के संचालक दीपक टंडन को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक से तस्वीरों में बदलाव कर भ्रामक और अपमानजनक खबरें प्रकाशित करने का आरोप है। पुलिस ने उसे रायपुर के रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
29 अक्टूबर को दर्ज हुई थी शिकायत
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 29 अक्टूबर को मणीशंकर पांडेय ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक शीर्षकों के साथ भ्रामक खबरें प्रसारित की जा रही हैं। इन खबरों में AI तकनीक की मदद से तस्वीरों को बदलकर गलत संदर्भ में प्रस्तुत किया जा रहा था। इससे संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश किए जाने का आरोप लगाया गया था।
मोबाइल से आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बरामद
शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और रायपुर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। मोबाइल की जांच में न्यूज पोर्टल से संबंधित कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं। पुलिस इन डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
इन धाराओं में दर्ज हुई कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की धारा 4 और 5 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। मामले में अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डीएसपी कल्पना वर्मा मामले से भी जुड़ा था नाम
गौरतलब है कि दीपक टंडन का नाम पूर्व में डीएसपी कल्पना वर्मा से जुड़े मामले में भी सामने आया था। टंडन ने डीएसपी कल्पना वर्मा पर रिश्वत, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। उसका दावा था कि दोनों के बीच करीब चार साल तक प्रेम संबंध रहा और इस दौरान उससे लगातार पैसों की मांग की गई। टंडन ने करोड़ों रुपये, महंगी गाड़ी और कीमती गहने देने का भी दावा किया था।
उसने डीएसपी के खिलाफ डीजीपी और आईजी से शिकायत भी की थी। शिकायत में महादेव सट्टा एप का पैनल चलाने के लिए दबाव बनाए जाने सहित कई आरोप लगाए गए थे। फिलहाल पुलिस दीपक टंडन के खिलाफ दर्ज मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।



