बिलासपुर, 13 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में चौकीदार की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोमवार सुबह परिसर में चौकीदार नरेंद्र कुमार खांडे का शव हाथ-पैर बंधी हालत में मिलने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में वारदात में चार नाबालिगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है, जो घटना के बाद से फरार हैं।

जानकारी के अनुसार, मृतक नरेंद्र कुमार खांडे, तखतपुर के अरईबंद गांव के निवासी थे और पिछले करीब एक वर्ष से बाल संप्रेक्षण गृह में चौकीदार के रूप में कार्यरत थे। आरोप है कि चारों नाबालिगों ने पहले उनके साथ मारपीट की, फिर हाथ-पैर बांधकर गला दबाया और उनके मुंह में गमछा ठूंस दिया। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे।

मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नरेंद्र कुमार खांडे को नियमित रूप से साप्ताहिक अवकाश नहीं दिया जाता था। परिजनों ने बाल संप्रेक्षण गृह के अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

इधर, पुलिस ने फरार चारों नाबालिगों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं। फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts