बीजापुर,13 नवम्बर 2026

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। जिले के पामेड़ और गंगालूर थाना क्षेत्रों के जंगलों में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए तीन डंप बरामद किए गए हैं। इनसे 136 बीजीएल सेल, 1400 फीट कार्डेक्स वायर समेत भारी मात्रा में माओवादी सामग्री जब्त की गई है।

जानकारी के अनुसार, खुफिया सूचना के आधार पर पामेड़ थाना क्षेत्र के तुमरेल और सिंगमपल्ली के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस अभियान में डीआरजी, K-9 डॉग स्क्वाड और 208 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम शामिल थी। सर्चिंग के दौरान डॉग स्क्वाड की मदद से संदिग्ध स्थानों की पहचान की गई। इसके बाद माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप से 103 बीजीएल सेल सहित अन्य सामग्री बरामद की गई।

इसी तरह गंगालूर थाना क्षेत्र के एफओबी कुप्पागुड़ा अंतर्गत लेकामपारा के जंगलों में भी सुरक्षा बलों ने सर्च अभियान चलाया। इस कार्रवाई में सीआरपीएफ की 199वीं बटालियन, कोबरा की 204वीं बटालियन और K-9 डॉग स्क्वाड वेस्पा की संयुक्त टीम शामिल रही। यहां तलाशी के दौरान दो माओवादी डंप बरामद किए गए। इनसे 33 बीजीएल सेल और 1400 फीट कार्डेक्स वायर समेत अन्य माओवादी सामग्री जब्त की गई।

दोनों क्षेत्रों में चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान कुल 136 बीजीएल सेल और 1400 फीट कार्डेक्स वायर सुरक्षा बलों के हाथ लगे हैं। इस कार्रवाई से माओवादियों द्वारा जंगलों में छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री और अन्य सामान बरामद करने में बड़ी सफलता मिली है।

बरामद सामग्री के संबंध में पामेड़ और गंगालूर थानों में अलग-अलग वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts