बेंगलुरु, 24 सितंबर 2026
बेंगलुरु पुलिस ने भारत में अवैध रूप से रह रहे करीब 160 बांग्लादेशी नागरिकों को विशेष विमान के जरिए बांग्लादेश भेज दिया। बुधवार सुबह हुई इस कार्रवाई में बेंगलुरु पुलिस, फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO), सीमा सुरक्षा बल (BSF) और भारतीय वायुसेना (IAF) ने समन्वय के साथ भूमिका निभाई।
बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह के अनुसार, इन नागरिकों को एक विशेष अभियान के दौरान अवैध रूप से भारत में रहने के आरोप में पकड़ा गया था। आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें डिपोर्ट किया गया।
संख्या अधिक होने पर भेजा गया विशेष विमान
पुलिस के मुताबिक, बांग्लादेशी नागरिकों को हवाई मार्ग से डिपोर्ट करने का यह दूसरा मामला है। इससे पहले कुछ लोगों को नियमित उड़ानों के जरिए वापस भेजा गया था। इस बार संख्या अधिक होने के कारण विशेष विमान की व्यवस्था की गई।
FRRO ने 18 सितंबर को बेंगलुरु के डीसीपी (इंटेलिजेंस) को पत्र भेजकर एस्कॉर्ट ड्यूटी के लिए पुलिस बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। इसके बाद छह अधिकारियों समेत कई पुलिसकर्मियों को विशेष विमान में एस्कॉर्ट के तौर पर तैनात किया गया।
HAL एयरपोर्ट से रवाना हुआ विमान
पुलिस के अनुसार, विशेष विमान बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे बेंगलुरु के HAL एयरपोर्ट से रवाना हुआ। पूरी कार्रवाई संबंधित केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से पूरी की गई।



