साय सरकार की बड़ी पहल: मुंगेली में बनेगा BEML का पहला भारी मशीनरी संयंत्र, 79.70 एकड़ जमीन को मंजूरी
रायपुर, 6 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य मंत्रिपरिषद ने मुंगेली जिले को बड़ी औद्योगिक सौगात दी है। मंत्रिपरिषद ने पथरिया तहसील के ग्राम चंद्रगढ़ी में भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) के प्रस्तावित हैवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट निर्माण संयंत्र की स्थापना के लिए 79.70 एकड़ शासकीय भूमि रियायती दर पर आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
प्रदेश का पहला भारी मशीनरी निर्माण संयंत्र
यह छत्तीसगढ़ का पहला हैवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट निर्माण संयंत्र होगा। ग्राम चंद्रगढ़ी में स्थापित होने वाला यह संयंत्र बिलासपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से मात्र 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इस परियोजना से प्रदेश में आधुनिक औद्योगिक ढांचे को मजबूती मिलेगी।
रोजगार और सहायक उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा
BEML संयंत्र की स्थापना से स्थानीय युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार, तकनीकी प्रशिक्षण और कौशल विकास के अवसर मिलेंगे। साथ ही MSME, लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्टेशन, स्पेयर पार्ट्स निर्माण और अन्य सहायक उद्योगों के विकास को भी नई गति मिलेगी।
विशेष प्रयासों से मुंगेली को मिली परियोजना
पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा ने बताया कि शुरुआत में इस परियोजना के लिए रायगढ़ और जांजगीर-चांपा जिलों में भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र तथा राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 79.70 एकड़ उपयुक्त शासकीय भूमि चिन्हित कर शासन को प्रस्ताव भेजा, जिसे अब राज्य मंत्रिपरिषद ने मंजूरी दे दी है।
औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनेगा मुंगेली
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने इस उपलब्धि पर जिलेवासियों को बधाई देते हुए कहा कि BEML संयंत्र मुंगेली को आधुनिक विनिर्माण और इंजीनियरिंग गतिविधियों का नया केंद्र बनाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जिले में औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करते हुए क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगी।



