जगदलपुर, 11 सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में शुक्रवार को तेज बारिश का दौर जारी है। देर रात से लगातार हो रही बारिश के कारण कई नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। वहीं जगदलपुर समेत आसपास के इलाकों में कई सड़कें जलमग्न हो गई हैं। मौसम की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने शुक्रवार को स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा में चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। मानसून द्रोणिका भी निम्न दबाव वाले क्षेत्र तक विस्तारित है।

कई इलाकों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। कुछ स्थानों पर वज्रपात के साथ भारी बारिश होने की भी संभावना है।

शुक्रवार को भारी बारिश का प्रभाव मुख्य रूप से बिलासपुर और रायपुर संभाग के पूर्वी जिलों में रहने की संभावना है। वहीं 12 से 14 सितंबर तक दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश होने के आसार हैं।

केशकाल घाट में घंटों से वाहनों की लंबी कतार

लगातार बारिश के बीच बस्तर के प्रवेश द्वार केशकाल घाट में शुक्रवार सुबह भीषण जाम लग गया। घाट के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने से आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई वाहन चालक और यात्री घंटों से जाम में फंसे हुए हैं।

दोनों दिशाओं से वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण जाम की स्थिति और गंभीर हो गई। यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जाम खुलवाने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर जुटी हुई है।

निचले इलाकों में रहने वालों को सतर्क रहने की सलाह

लगातार बारिश को देखते हुए बस्तर के निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन की ओर से लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक रूप से जलभराव और नदी-नालों वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts