बलौदाबाजार,3 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में गुरुवार सुबह श्रद्धालुओं से भरी एक माजदा वाहन सड़क हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि वाहन में 30 से अधिक श्रद्धालु सवार थे और सभी गिरौदपुरी धाम जा रहे थे। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-130B पर कसडोल थाना क्षेत्र में सेल और छांछी के बीच एक मोड़ के पास हुआ। वाहन के पलटने से उसमें सवार कई श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
वहीं, कसडोल पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है और हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे में घायल लोगों की सटीक संख्या और उनकी स्थिति की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।



