नई दिल्ली,3 सितंबर 2026
अमेरिका ने भारत समेत अन्य देशों को ईरान के साथ कारोबार को लेकर कड़ी चेतावनी दी है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि यदि कोई देश ईरान को अमेरिकी प्रतिबंधों से बचने में मदद करता है, तो उसके खिलाफ भी कड़े प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।
रुबियो का यह बयान SCO शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन की बिश्केक में हुई मुलाकात के बाद आया है। दोनों नेताओं ने भारत-ईरान संबंधों को लेकर चर्चा की थी।
रुबियो ने कहा कि किसी भी देश को ईरान के लिए ऐसी व्यवस्था बनाने में मदद नहीं करनी चाहिए, जिससे वह पैसा कमाए और उसका इस्तेमाल आतंकवाद के समर्थन या परमाणु हथियार बनाने में करे। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि देशों को अपनी विदेश नीति तय करने और ईरान के साथ संबंध बनाए रखने का अधिकार है।
अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि उन्हें भारत और ईरान के बीच किसी नए ट्रेड डील की जानकारी नहीं है। वहीं, अमेरिका ने ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ाते हुए उन देशों और कंपनियों को भी सेकेंडरी प्रतिबंधों की चेतावनी दी है, जो तेहरान के साथ कारोबार जारी रखते हैं।



